रांची। नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का यह डर अच्छा है! अगर भाजपा राज्य की महिलाओं को हक देने का प्रयास कर रही है तो हेमंत जी को परेशानी है। अभी अगर बांग्लादेशियों को किसी योजना का लाभ देना होता तो हेमंत जी समर्थन में सबसे आगे खड़े होते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के आसपास के मदरसा छाप लोग आधी अधूरी जानकारी देते हैं, इसलिए कुछ चीजें आपको बतानी आवश्यक है।
लोकसभा चुनाव के पूर्व इंडी ठगबंधन खुलेआम महिलाओं से खटाखट का फार्म भरवा रहा था। तब मुख्यमंत्री जी को आनंद की अनुभूति हो रही थी। यह नियम आचार संहिता लगने के पश्चात का है, आचार संहिता लगने के पूर्व अगर कोई राजनीतिक दल अपने वादों को लेकर राज्य की जनता के समक्ष जाता है तो उसमें क्या समस्या है? समस्या सिर्फ वैसे लोगों को है, जिनकी जमीन घिसक चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य के वैसे पदाधिकारीगण भी ध्यान रखें कि समय बदलेगा, परिस्थितियां बदलेंगी। ऐसा कोई कार्य न करें कि आप पर एक राजनीतिक दल का कार्यकर्ता होने की मोहर लग जाये और भविष्य में परेशानियां खड़ी हों।