पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने दिलायी सदस्यता
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले नेताओं को रूठने-मनाने और पाला बदलने का दौर चल रहा है। इस लिस्ट में अब जेएमएम नेता रामानंद बेदिया का नाम भी शामिल हो गया है। रविवार 27 अक्टूबर को जेएमएम नेता रामानंद बेदिया ने अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी का दामन थाम लिया है। इस दौरान पार्टी प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने माला पहनाकर रामानंद बेदिया का स्वागत किया। बता दें, रामानंद बेदिया जेएमएम के जिला उपाध्यक्ष सह सिल्ली विधानसभा प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। लेकिन विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने पाला बदलकर आजसू का हाथ थाम लिया है। रामानंद बेदिया ने रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड के सिंगारी में आयोजित कार्यक्रम में आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

क्यों बदला पाला
जानकारी हो, पूर्व विधायक अमित महतो के जेएमएम छोड़ कर जाने के बाद करीब 4 सालों तक रामानंद बेदिया ने संगठन की कमान संभाली। लेकिन अमित महतो के जेएमएम में वापस आते ही सिल्ली विधानसभा से रामानंद बेदिया का टिकट कट गया। जेएमएम ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए सिल्ली विधानसभा से अमित महतो को टिकट दिया है। इसी बात से नाराज होकर रामानंद बेदिया आजसू पार्टी में शामिल हो गये।

ये भी हुए आजसू में शामिल
सिंगारी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रामानंद बेदिया के साथ पूर्व मुखिया एतवा बेदिया, निरंजन बेदिया, मंगलाचरण बेदिया, बीरबल बेदिया, अरूण बेदिया, कंचन बेदिया, बालेश्वर बेदिया और मंजू देवी ने भी आजसू की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, इस कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय नेता जयपाल सिंह, राजेंद्र शाही मुंडा, भाजपा नेता जैलेंद्र कुमार, मोहसिन खान, सज्जाद आलम, मो रिजवान, मो इरफान, विरेंद्र सिंह भोगता सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version