रांची। रांची के डोरंडा स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से गुरुवार को कलश यात्रा निकाली गयी। कलश स्थापना और शारदीय नवरात्र के आगमन पर मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दुबे, संरक्षक कपिलदेव सिंह, अध्यक्ष गौतम दुबे गोपी के नेतृत्व में महिलाओं द्वारा मस्तक पर कलश और नारियल रख कर छप्पन सेट मंदिर परिसर से यात्रा निकाली गयी।
यह यात्रा तुलसी चौक, आंबेडकर चौक, विवेकानंद चौक होते हुए बटम तालाब गयी और बटम तालाब में जल भर कर एवं संकल्प कर मां दुर्गे के संगीतमय भजन पर झूमते नाचते गाते हुए राजेंद्र चौक, गोरखा चौक होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। पंडित उदय शंकर मिश्र के मंत्रोच्चार एवं कमिटी की ओर से मुख्य यजमान विकास कुमार के जरिये सभी कलश छप्पन सेट मंदिर परिसर में स्थापित कर माता का आह्वान किया गया।
समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दुबे ने कहा कि देवी दुर्गा का नव दिवसीय पर्व कलश स्थापना के साथ शुरू हो गया है। नेपाल हाउस डोरंडा में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों के जरिये 61 वर्ष पूर्व छोटे रूप में नवरात्रि की पूजा प्रारंभ की गयी थी, जो आज बड़े रूप में लगातार जारी है। सेवानिवृत्त होने के बाद भी यहां से चले गये लोग अपने परिवार के साथ पूजा देखने अवश्य आते हैं। उन्होंने बताया कि कलश स्थापना के साथ पहले दिन की पूजा मां शैलपुत्री की विधि विधान के साथ आराधना की गयी, खीर और पुआ का भोग लगाया गया।