रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना मंईयां अपमान योजना बन गयी है। पिछले 5 साल से महिलाओं को सिर्फ ठगने वाले हेमंत सोरेन ने चुनाव नजदीक आते देख दिखावे की राजनीति के चलते मंईयां सम्मान योजना चालू तो की गयी, लेकिन मंईयां सम्मान योजना, मंईयां अपमान योजना बनकर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आये दिन मंईयां सम्मान योजना के नाम पर चल रही ठगी का खुलासा हो रहा है। कभी फॉर्म के नाम पर पैसा लिया जा रहा है तो कभी लिस्ट में नाम चढ़ाने के नाम पर, तो कभी खाते में पैसा भेजने के लिए भी पैसे लिये जा रहे हैं।

श्री मरांडी ने कहा कि माताओं-बहनों का अपमान करना झामुमो-कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। इसी को आगे बढ़ाते हुए हेमंत सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे महिलाओं का अपमान किया जा सके। माताओं-बहनों को ठगा जा सके। उनके अधिकारों को छीना जा सके और उनके मान सम्मान अभिमान पर ठेस पहुंचाया जा सके।

प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा कि अब और नहीं। अब परिवर्तन की बेला आ गयी है। प्रदेश की माताओं-बहनों ने आपके बेईमान इरादों को बखूबी जान लिया है। माताओं बहनों के नाम पर योजनाएं चलाकर पैसे वसूलने के आपके इरादों को भी जनता ने समझ लिया है, जिसका परिणाम आगामी चुनाव में आपको देखने को मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version