झारखंड खेल विभाग ने 529 खिलाड़ियों को सम्मानित किया
-खिलाड़ियों को हर संभव मदद करेगी हेमंत सरकार : मंत्री
-झारखंड खेल प्राधिकरण की नयी वेबसाइट का अनावरण
रांची। झारखंड खेल विभाग ने शुक्रवार को रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में खिलाड़ी का सम्मान नकद पुरस्कार राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस समारोह में मुख्य अतिथि खेल मंत्री मिथिलेश ठाकुर, खेल सचिव मनोज कुमार और खेल निदेशक संदीप कुमार ने खिलाड़ियों के बीच इनामी राशि का वितरण किया।
21 खेलों के खिलाड़ी को मिली इनामी राशि
उक्त समारोह में 21 खेलों में पदक जीतने वाले 529 खिलाड़ियों को इनामी राशि से सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच लगभग 4.3290 करोड़ रुपये की इनामी राशि का वितरण हुआ। इस कार्यक्रम में दीपिका कुमारी, अंकिता भकत, नारायण महतो और सिम्पा मिंज को 7-7 लाख रुपये की राशि प्रदान की गयी। इस मौके पर खेल मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने झारखंड खेल प्राधिकरण की नयी वेबसाइट का अनावरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को हमेशा मदद करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रयास कर रहा है। इसके अलावा समय पर खेल उपकरण और इनामी राशि का वितरण हो पाये, इसे भी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है। ठाकुर ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन खेल के विकास को लेकर प्रतिबद्ध हैं और वह हमेशा खिलाड़ियों के लिए बातें करते हैं। इस कार्यक्रम में रांची डीएसओ शिवेंद्र कुमार, रूपा रानी, खेल विभाग के अधिकारी, स्पोर्ट्स कोआॅर्डिनेटर समेत सभी कर्मचारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।