रांची। झारखंड में चुनावी बिगुल बजने और भाजपा के उम्मीदवार घोषित होने के बाद विधानसभा चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी प्रत्याशियों से रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने सभी प्रत्याशियों से आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अटल जी के नेतृत्व में राज्य बनाया, तो इसे बचाने और संवारने की जिम्मेवारी भी हमारी है। उन्होंने कहा कि रोटी , बेटी और माटी की सुरक्षा नारा नहीं, संकल्प है। उन्होंने स्थानीय मुद्दों, रोजगार, महिला अपराध जैसे गंभीर विषयों पर फोकस कर विरोधियों को घेरने और प्रदेश में गठबंधन की सरकार के घोटालों, भ्रष्टाचार और नाकामियों को जनता के बीच पहुंच कर उजागर करने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।

प्रदेश चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में जनता एनडीए गठबंधन की सरकार प्रदेश में बनाने को तैयार बैठी है। प्रत्याशी स्थानीय मुद्दों के साथ साथ प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर जनता के बीच जायें। प्रत्येक कार्यकर्ता का परिश्रम हमारे लिए उपयोगी है। हम सभी को साथ लेकर चलें और एक बड़े लक्ष्य को साकार करें।

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी के उम्मीदों को सभी प्रत्याशी जनता की उम्मीद बनायें। आज जनता पार्टी से आगे है। भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हम सब जनता के दरवाजे तक जायें और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करें। जनता मोदी जी के नेतृत्व पर भरोसा करती है। मोदी की गारंटी पर जनता को विश्वास है। लोकसभा चुनाव में जनता ने जो ट्रेलर इंडी गठबंधन के उम्मीदवारों को दिखाया है, उसकी पूरी फिल्म विधानसभा चुनाव में सामने आयेगी। बैठक को क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी संबोधित किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version