रांची। भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ मंगलवार को सेना के जवानों के साथ सीमा पर दीपावली मनाएंगे। रक्षा राज्य मंत्री लद्दाख के लेह में जवानों के साथ दीपावली की खुशियां बाटेंगे। रक्षा मंत्रालय के द्वारा इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।

तय कार्यक्रम के अनुसार रक्षा राज्य मंत्री मंगलवार को सुबह नई दिल्ली से लेह जाएंगे। वहां पहले सैन्य युद्ध स्मारक में बलिदानियों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। तत्पश्चात लेह के सीमा क्षेत्र की चौकियों का भ्रमण कर, वहां तैनात जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे। इस दौरान मंत्री अग्रिम चौकी का दौरा भी करेंगे। कार्यक्रम की कड़ी में सेठ जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। रक्षा राज्य मंत्री के लिए यह पहला अवसर है जब वह सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे । इससे पूर्व कारगिल विजय दिवस पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा राज्य मंत्री ने जम्मू कश्मीर में सेना के जवानों के बीच विजय उत्सव मनाया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version