रांची। असम के मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश झारखंड के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने भाजपा में हो रहे पाला बदल और पार्टी पर लग रहे परिवारवाद के आरोपों को खारिज किया। सोमवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से निकलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की सूची जारी होने के बाद झारखंड में यह इतिहास रहा है कि कुछ असंतुष्टि नजर आती ही है और कुछ इस्तीफे मिलते हैं। हमारे पास यही संकेत आ रहे हैं कि चुनाव को लेकर लोग बहुत उत्साहित हैं, ज्यादा लोगों में असंतुष्टि नहीं है। सरमा ने कहा कि लोग नामांकन के काम में लग गये हैं, थोड़ी बहुत जो लोगों में असंतुष्टि है, वह स्वाभाविक है। जिनके भी मन में खेद और दुख है, उससे हम बात कर लेंगे। हर पॉलिटिकल पार्टी में टिकट अनाउंसमेंट के बाद 2-3 दिनों तक असंतुष्टि होती है इसलिए मैं इसमें कोई भी टिप्पणी नहीं करूंगा। हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने संबोधन में प्रेस से कहा कि अभी युद्ध की शुरूआत हो चुकी है। हमारा मेनिफेस्टो है, हमारा संकल्प है, उसको लेकर हम जनता के बीच में जायेंगे और एनडीए को जनता विजयी बनायेगी।

विश्वास है, हमारे पार्टी में कोई परिवारवाद नहीं है। अर्जुन मुंडा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं इसलिए उनकी पत्नी को टिकट दिया गया है, उसी तरह रघुवर दास चुनाव नहीं लड़ेंगे इस कारण उनकी बहू पूर्णिमा को टिकट मिला है। बिना झामुमो का नाम लिये हिमंता ने कहा कि हमारी पार्टी में ऐसा नहीं है कि बीवी भी चुनाव लड़ रही है, पति भी चुनाव लड़ रहे हैं और उनका भाई भी चुनाव लड़ रहा है। ऐसा हमारी पार्टी में नहीं है। चंपाई सोरेन हमारी पार्टी में नये-नये आये हैं और ज्वॉइनिंग के वक्त उनसे कुछ बातें हुई थीं, आश्वासन दिया गया था, जिन पर अमल किया गया है। सरमा ने कहा कि चंपाई सोरेन को थोड़ा अलग तरीके से देखना होगा क्योंकि वो पहले बीजेपी में नहीं थे। चंपाई सोरेन के बेटे को छोड़ दें, तो हमारी पार्टी में कोई परिवारवाद नहीं है। हिमंता ने कहा कि बरहेट और टुंडी सीट पर जल्द उम्मीदवार घोषित कर दिये जायेंगे। इसका चुनाव दूसरे फेज में होने का है इसलिए पूरा समय लेकर हम इन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करेंगे। हमलोग चर्चा कर रहे हैं, धीरे-धीरे पिक्चर क्लीयर हो जायेगी तो हम लोग अनाउंस कर देंगे। कोई-कोई व्यक्ति टिकट अनाउंसमेंट की बात मान लेते हैं और बहुत सारे हैं जो नहीं मानते हैं, तो ये एक नेचुरल प्रोसेस है। जो लोग भाजपा के हैं, वो मान जायेंगे और जिसके मन में है कि टिकट नहीं मिलने से हम पार्टी में काम नहीं करेंगे, वो चले जायेंगे। हमारे इतने उम्मीदवार हैं, ज्यादा बगावत नहीं हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version