रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की धरती से राज्य में सत्तारूढ़ दलों झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर हमला बोला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुये बुधवार को पीएम मोदी ने कहा कि आज जो परिवर्तन यात्रा का समापन हो रहा है, यह झारखंड के लिये नई सुबह की शुरुआत साबित होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा एक ही नारा है- रोटी, बेटी और माटी। इसके लिए हम झारखंड में परिवर्तन लाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चरित्र ही दलित, वंचित और आदिवासी विरोधी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ऐसी नीतियां बनाईं थीं कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोग कभी आगे न बढ़ पाएं।

इनकी सरकार का यही उद्देश्य था। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से एससी, एटी और ओबीसी के आरक्षण का विरोध किया। पीएम ने कहा कि आज भी कांग्रेस आरक्षण को खत्म करने की बात कर रही है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण छीनकर कांग्रेस पार्टी अपने खास वोट बैंक को देना चाहती है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version