रांची। झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें महेश सीडगे, जगन देसाई, कमल देसाई, शीतल देसाई और बिपिन परमार समेत अन्य शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी विजन और मार्शल कंपनी के अधिकारी हैं। एसीबी ने यह गिरफ्तारी मुंबई और गुजरात से की है। मार्शल और विजन वही दोनों कंपनियां हैं, जिनकी बैंक गारंटी फर्जी पाई गई थी और पूरा मामला चर्चित हुआ था।
इस केस में एसीबी ने अब तक राज्य के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे, छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया, झारखंड के आईएएस अधिकारी अमित प्रकाश और प्रिज्म होलोग्राफी के डायरेक्टर विधु गुप्ता को गिरफ्तार किया। हालांकि समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने से सभी आरोपियों को लाभ मिला और उन्हें बेल मिल गई। एसीबी ने शराब घोटाला केस में कांड संख्या 9/2025 दर्ज की है।
एजेंसी ने उक्त सात आरोपियों के विरुद्ध पिछले महीने ही कोर्ट से वारंट लिया था। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद एसीबी उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रांची आ रही है, जहां उन्हें एसीबी की विशेष कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।