रांची। राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में पार्टी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों के साथ है। इन प्रदेशों में भाजपा सरकार ने जो काम किया है, उसके साथ जनता खड़ी है। विपक्ष चुनाव में कहीं है ही नहीं। विपक्ष के पास अपनी उपलब्धि बताने के लिए कुछ नहीं है। जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सरकार काम कर रही है। यादव ने कहा कि देश की जनता का कांग्रेस की नीति, नेतृत्व और नेता से मोहभंग हो गया है।
यही वजह है कि बिहार से 1990 के बाद कांग्रेस साफ हो गयी है। बंगाल में 1980 के बाद कांग्रेस नहीं आयी। तमिलनाडु में 70 के दशक के बाद, यूपी और गुजरात में 90 के दशक के बाद कांग्रेस साफ है। कहा कि कांग्रेस नेताओं के जिस तरह के बयान आ रहे हैं, वह उनकी हताशा को दर्शाता है।
मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया
भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साढ़े चार वर्षों में हर क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है। गरीबों के जीवन में उन्नति लायी है। आर्थिक विकास को लेकर कई ठोस निर्णय लिये हैं। कहा कि 2019 के चुनाव में भाजपा देश में फिर से व्यापक बहुमत के साथ आयेगी। मोदी सरकार के विकास कार्यों का ही नतीजा है कि पांच राज्यों से बढ़कर आज देश के 19 राज्यों में भाजपा की सरकार है। 10 करोड़ सदस्यों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है।
झारखंड में रघुवर दास पार्टी का चेहरा
भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा के पास नेता की कमी नहीं है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, तो झारखंड में मुख्यमंत्री रघुवर दास पार्टी का चेहरा हैं। जिस तरह से रघुवर दास ने पिछले चार वर्षों में झारखंड में विकास की लकीरें खींची हैं, वह उल्लेखनीय है। इन चार वर्षों में भ्रष्टाचार के एक भी मामले नहीं आये हैं। सभी को साथ लेकर चल रहे हैं।
बिहार-झारखंड में एनडीए एकजुट
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि बिहार और झारखंड में एनडीए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। कहा कि आरएलएसपी के उपेंद्र कुशवाहा से उनकी दो बार बात हुई है और वह भी एनडीए के साथ हैं। झारखंड में भाजपा और आजसू का गठबंधन है और यह जारी रहेगा। लगातार आजसू सुप्रीमो से उनकी बातें होती हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले पर अध्यादेश लाने पर कोई विचार नहीं हुआ है। प्रेस वार्ता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश और प्रदेश प्रवक्ता अनिल सिन्हा उपस्थित थे।