रांची। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह और राजद की महिला नेत्री कांति सिंह शनिवार को लालू यादव से मुलाकात करने राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफि मेडिकल साइंसेज (रिम्स) पहुंचे। इस दौरान रघुवंश प्रसाद सिंह ने बिहार में एनडीए का खाता नहीं खुलने देंगे। तेज प्रताप यादव के मामले को घरेलू बताया और कहा- ये कोई राजनीति बात थोड़ी ही है।
बिहार में घोटाला ही घोटाला
रघवंश प्रसाद ने कहा- लालू यादव का हाल-चाल लिया। आज पता चला सूगर कंट्रोल हो गया है। पांव पर हुआ घाव भी सूख रहा है। उन्होंने कहा- सब गैर भाजपा पार्टी एकजुट हो जाइए। तेजप्रताप का मामला राजनीति का विषय नहीं है। बिहार में घोटाला ही घोटाला है। नीतीश बिहार को चाट रहे हैं। विधि-व्यवस्था खत्म हो गई। रोज मारकाट। रोज लूट हो रही है। ना पढ़ाई का इंतजाम है और ना ही दवाई का। इसलिए इस सरकार को दफना देना ही जरूरी है।
रघुवंश ने कहा-एनडीए का खाता भी खुलने नहीं देंगे
रघुवंश प्रसाद शुक्रवार को ही रांची पहुंच गए थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत भी की और कहा- झारखंड के साथ-साथ बिहार में भी विपक्ष का महागठबंधन बनेगा। इन दोनों राज्यों में वे लोग एनडीए का खाता भी खुलने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव में मोदी ने जो वादे किए वह भी एक भी पूरा नहीं हुआ।
भाजपा की सभी घोषणाएं पूरी नहीं हुई
रघुवंश प्रसाद ने कहा कि काला धन लाएंगे और उसे खाते में डालेंगे। 2 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे। किसानों की आय दुगुनी करेेंगे। इस तरह की भाजपा की सभी घोषणाएं पूरी नहीं हुई। साढ़े चार साल में यह सरकार जुमलेबाजी की सरकार बन कर रह गई है। उन्होंने कहा कि न केवल झारखंड, बिहार बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी विपक्ष का गठबंधन होगा। इसमें राज्यस्तरीय समीकरण देखकर ही गठबंधन होगा।
जब तक मोदी प्रधानमंत्री रहेंगे लालू प्रसाद जेल से नहीं छुटेंगे: रघुवंश
रघुवंश के रांची पहुंचने के बाद प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में राजद के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में रघुवंश प्रसाद भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, भारत का संविधान, देश तथा ईमान खतरे में है। जबतक देश में भाजपा की सरकार रहेगी देश में अमन चैन नहीं रहेगा। जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं लालू प्रसाद जेल से नहीं छुटेंगे। इसलिए हमलोग नरेन्द्र मोदी को हटाने की तैयारी में है। चाहे देश में हुए राफेल घोटाले का मामला हो, नोटबंदी का मामला हो, जीएसटी का मामला हो, इन सभी से देश की जनता त्रस्त है। किसान, मजदूर, नौजवान सभी इस सरकार में बदहाल है।