रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भाजपा सरकार झूठ की बुनियाद पर टिकी है। जनता से झूठे वादे करके भाजपा सत्ता में आयी। एक बार फिर झूठे वादे करके भाजपा सत्ता में आना चाह रही है, लेकिन ऐसा नहीं होने देंगे। कांग्रेस पार्टी भाजपा की नाकामियों को जनता को बतायेगी। सुबोधकांत शनिवार को कांके रोड के रॉक गार्डेन में रांची संसदीय क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओंं के सम्मेलन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ का पुलिंदा बना कर लोगों के सामने मीडिया के माध्यम से गलत प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, उससे यही लग रहा है कि नरेंद्र मोदी मीडिया हाउस के मालिक बने हुए हैं। ऐसे हालात से निबटने के लिए कांग्रेस गांव-गांव जाकर पंचायत से राज्य स्तर तक भाजपा के झूठ का पुलिंदा खोलेगी, ताकि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पूरे देश से भाजपा को जनता द्वारा सबक सिखाया जा सके। सम्मेलन में आगामी चुनाव पर भी चर्चा हुई। इस दौरान पंचायत अध्यक्षों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश बैठा ने कहा कि झूठ की राजनीति करनेवाले नरेंद्र मोदी को आगामी चुनाव में उखाड़ फेंकना है। इसके लिए कांग्रेस पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक पूरी तैयारी में जुट चुकी है। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, सूर्यकांत सिंह, गुलजार, राकेश कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे।

मीडिया पर आरोप लगाना निंदनीय: भाजपा
रांची। भाजपा ने सुबोधकांत सहाय के बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मीडिया हाउस के मालिक बन गये हैं और मीडिया झूठ दिखाता है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने कहा कि आज जो कुछ भी देश में कल्याणकारी कार्य हो रहे हैं, जो देश में बदलाव नरेंद्र मोदी ने किया है, मीडिया वही दिखाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मीडिया पर भी विश्वास नहीं रहा। जिस मीडिया के कारण सवा सौ करोड़ देशवासी पल-पल की जानकारी लेते हैं, योजनाओं की जानकारी प्राप्त होती है, उस मीडिया पर आरोप लगाना निंदनीय है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version