रांची। झामुमो केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि लगभग तीन सौ पारा शिक्षक जेल में बंद हैं। सरकार के द्वारा खुलेआम धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पारा शिक्षकों की बर्खास्तगी और उन पर किये गये मुकदमे राज्य सरकार तत्काल वापस ले। सुप्रियो भट्टाचार्य ने उक्त बातें शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से कही। कोलेबिरा सीट के संबंध में सुप्रियो भट्टाचार्य कहा कि 26 नवंबर को पार्टी की बैठक में निर्णय जायेगा। इसके बाद महागठबंधन से बात की जायेगी।
भाजपा में महिलाओं का सम्मान नहीं : उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं का सम्मान नहीं किया जाता है। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाती है। भाजपा के ही नेता महिलाओं का शोषण कर रहे हैं। भाजपा सरकार अपने विधायकों पर कार्रवाई करने से कतरा रही है।
अकालग्रस्त घोषित किया जाये : वहीं, सुखाड़ पर सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में 260 में 225 प्रखंड सूखाग्रस्त हैं, यहां की स्थिति भयावह है। सरकार इससे निपटने के लिए इन्हें अकाल ग्रस्त घोषित करे, ताकि केंद्र की सहायता मिल सके। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक किसान को 25 हजार की सहायता राशि मुआवजा दिया जाये।
प्लस टू में बाहरी लोगों की नियुक्ति रद्द हो
भट्टाचार्य ने कहा कि प्लस टू में की गयी शिक्षकों की नियुक्ति पर सवाल खड़े हो गये हैं। इसमें बड़ी संख्या में बाहरी लोगों की नियुक्ति की गयी है। विभागीय मंत्री नीरा यादव कहती हैं कि सामान्य कोटे में बाहरियों की नियुक्ति हम नहीं रोक सकते। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, एमपी, राजस्थान, यूपी में बीजेपी की ही सरकार है वहां पर भी जेनरल कैटेगरी है, उसमें तृतीय, चतुर्थ ग्रेड में बाहरी लोगों के लिए मात्र 5 प्रतिशत ही नियुक्ति की जाती है। जबकि झारखंड में 75 प्रतिशत कर दिया गया है। इसलिए अविलंब इस नियुक्ति को रद्द किया जाये।