भाजपा के दिग्गजों ने किया मंथन
भाजपा 9-10 नवंबर को पहले दो चरण के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। इसे लेकर पार्टी ने मंथन शुरू कर दिया है। बीजेपी चुनाव समिति की बैठक सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में हुई। इसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री सौदान सिंह, पार्टी के सह प्रभारी राम विचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, चुनाव प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नंदकिशोर यादव भी मौजूद रहे। बैठक में प्रथम चरण में जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होने हैं, उसे लेकर चर्चा की गयी। संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया गया। साथ ही, संगठन की तैयारियों की समीक्षा की गयी। अब तक आये दावेदारों के आवेदनों पर विचार कर दिल्ली भेजी जानेवाली सूची को फाइनल किया गया।
दरअसल, सात नवंबर को दिल्ली में झारखंड को लेकर बीजेपी की बैठक होगी। इसमें प्रथम दो चरण के उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जायेगा। इसके लिए सीएम रघुवर दास समेत तमाम प्रदेश के वरीय पदाधिकारी दिल्ली जायेंगे।
कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक कल, 3-3 नामों का पैनल तैयार
कांग्रेस चुनाव कोर कमेटी की बैठक कांग्रेस भवन में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने की। बैठक में सभी 81 सीटों के प्रत्याशियों की सूची पर विचार किया गया। बैठक में प्रदीप बलमुचू, धीरज साहू, आलमगीर आलम, फुरकान अंसारी आदि शामिल थे। इसमें एक-एक सीट के लिए तीन संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया गया। इस सूची को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को दिल्ली जायेंगे और प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह को सौंपेंगे। विधानसभा प्रभारियों द्वारा उम्मीदवारों की सूची प्रदेश कांग्रेस कमिटी को सौंपी गयी थी, जिसे शॉर्टलिस्ट कर पैनल तय किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे के अनुसार स्क्रीनिंग कमिटी की बैठक दिल्ली में बुधवार को होनेवाली है। इसमें चेयरमैन छतीसगढ़ के वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव, आरपीएन सिंह, उमंग सिंघार, विधायक मैनुल हक, सलीम अहमद, डॉ रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम शामिल रहेंगे। स्क्रीनिंग कमिटी उम्मीदवारों का चयन कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजेगी। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होगी, जिसमें उम्मीदवारों की घोषणा की जायेगी।
आजसू का राजनीतिक धमाका शिवपूजन मेहता हुए शामिल
सोमवार को आजसू ने राजनीतिक धमाका किया। हुसैनाबाद के बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने आजसू का दामन थाम लिया। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने उन्हें माला पहना कर आजसू की सदस्यता दिलायी। मौके पर शिवपूजन मेहता ने कहा कि सामाजिक न्याय के तहत वह आजसू में शामिल हुए हैं। आजसू प्रमुख सुदेश महतो सामाजिक न्याय के पक्षधर हैं। आजसू से जुड़कर वह इस मुहिम को आगे बढ़ायेंगे। वहीं, आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि शिवपूजन मेहता के पार्टी में शामिल होने से संगठन की ताकत बढ़ी है। बता दें कि इससे पहले चर्चा थी कि शिवपूजन मेहता भाजपा में शामिल होनेवाले हैं। मेहता बसपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। इधर, झामुमो के शिवाजी पाटिल ने भी आजसू का दामन थाम लिया।
झाविमो का बढ़ा कुनबा
एक ओर जहां राजनीतिक दल प्रत्याशियों की सूची फाइनल करने में जुटे हैं, वहीं कई दल कुनबा भी बढ़ा रहे हैं। मेगा मिलन समारोह में सोमवार को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के कद्दावर नेताओं ने झाविमो का दामन थामा। झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए सांगठनिक कार्य में जुटने का निर्देश दिया। झाविमो का दामन थामने वालों में प्रमुख रूप से रांची जिला से कमलेश राम, चतरा के राजद नेता अशोक गहलोत, हजारीबाग के समाजसेवी किशोरी राणा, धनबाद से आजसू नेता सुभाष राय एवं तृणमूल कांग्रेस नेता बम्पी चक्रवर्ती शामिल थे। मिलन समारोह का आयोजन झाविमो के केंद्रीय कार्यालय डिबडीह रांची में किया गया। मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झाविमो के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए लोग सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार झारखंड में झाविमो की सरकार बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती है।
बाबूलाल मरांडी के दरबार से खाली लौटे रामेश्वर उरांव
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने सोमवार को झाविमो के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से पार्टी कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने बाबूलाल मरांडी से यह आग्रह किया कि झाविमो महागठबंधन में शामिल हो। महागठबंधन में पूरा सम्मान मिलेगा। बाबूलाल ने उनकी बातें सुनीं, लेकिन उन्होंने सकारात्मक संकेत नहीं दिया।
झारखंड विकास मोरचा के सूत्रों ने आजाद सिपाही को बताया कि बाबूलाल मरांडी को किसी भी हाल में झामुमो के हेमंत सोरेन का नेतृत्व मंजूर नहीं है। यह तय है कि पार्टी 81 सीटों पर चुनाव लडेÞगी। इस मामले में कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि बाबूलाल मरांडी से हमारी बातचीत चल रही है और हम नाउम्मीद नहीं हैं।
हेमंत सोरेन उड़े दिल्ली
झामुमो कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन सोमवार को दिल्ली गये। वहां वह कांग्रेस के आला नेताओं से मिलकर महागठबंधन के स्वरूप को अंतिम रूप देंगे। सोमवार को दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में बैठक हुई, जिसमें हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, उमंग सिंगार और वरिष्ठ नेता अहमद पटेल भी शामिल रहे। इसके बाद हेमंत सोरेन कांग्रेस की राष्टÑीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी मिलेंगे। इस दौरान सीट शेयरिंग पर बात होगी। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम तक सीट शेयरिंग का स्वरूप तय हो जायेगा। इसके बाद छह नवंबर को झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी और आठ नवंबर को पार्टी प्रत्याशियों के नामों की प्रथम सूची जारी कर देगी। वहीं, कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक भी छह नंबबर को ही होगी।