विजय प्रताप देव
गढ़वा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि कांग्रेस ने 67 सालों तक झारखंड को चारागाह बनाकर लूटा है। अभी आसन्न विधानसभा चुनाव में महाचोर लोग महामिलावट कर महागठबंधन बना रहे हैं, ताकि फिर लूट मचा सकें। उन्होंने कहा कि गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बनता है, तो महामिलावटी लोग एक होकर मोदी हटाओ का नारा लगाते हैं। लेकिन प्रदेश की जनता ने सांप्रदायिकता, जातिवाद एवं तुष्टीकरण की राजनीति को ठेंगा दिखाते हुए लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से भाजपा को आशीर्वाद दिया। तुष्टीकरण एवं जातपात की राजनीति करनेवालों के मुंह पर प्रदेश की जनता ने तमाचा मारा है। मुख्यमंत्री गुरुवार को गढ़वा टॉउन हॉल मैदान में आयोजित उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर सीएम ने 698 करोड़ 31 लाख की लागत से कई योजनाओं का आॅनलाइन शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही, उन्होंने 17 करोड़ आठ लाख की परिसंपत्तियों का वितरण किया।
डबल इंजन की सरकार ने विकास की लकीर खींची
सीएम ने कहा कि प्रदेश में 14 वर्षों तक मिलावटी सरकारें रहीं। इसके कारण भ्रष्टाचार और लूट झारखंड की पहचान बनी रही। पर पिछले पांच वर्षों में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने झारखंड में विकास की लंबी लकीर खींची है। उन्होंने विरोधियों पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस और झामुमो झारखंड में गरीबी हटाने के नाम पर यहां के आदिवासियों एवं दबे कुचले लोगों का शोषण करते रहे। कहा कि पलामू और गढ़वा के लोग राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी परिपक्व हैं। इसलिए आनेवाले चुनाव में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर विकास को आगे बढ़ायें। डबल इंजन की सरकार राज्य को पूरी तरह से विकसित करने का कार्य करेगी। सीएम ने कहा कि गरीबी समाप्त करना है तो शिक्षित होना जरूरी है। इसके लिए लोगों को अपनी बेटियों को शिक्षित करना होगा। महिला सशक्तीकरण को लेकर सरकार शुरू से ही सजग रही है। यही कारण है कि राज्य भर में दो लाख 17 हजार सखी मंडल कार्य कर रही हैं। बैंक से लिंकअप कर उन्हें रोजगार के क्षेत्र में सशक्त बनाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए तथा सखी मंडलों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाये जाने के लिए रेडी टू इट के खाद्य पदार्थ की आपूर्ति आंगनबाड़ी केंद्रों को की जायेगी। इस तरह से 500 करोड़ रुपये का लाभ सखी मंडल की बहनों को होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 40 लाख गरीब महिलाओं को गैंस सिलिंडर एवं चूल्हा दिया गया है। अभी तीन लाख लाभुकों को उज्ज्वला योजना का लाभ दिया जायेगा। सीएम ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने की दिशा में शुरू से ही कार्य कर रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य के 68 लाख परिवार में से 57 लाख परिवार को गोल्डन कार्ड के जरिये कवर किया जा रहा है।
किसान हित के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे
सीएम ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने कृषि विकास दर एवं औद्योगिक विकास दर को बढ़ाया है। किसान की आय दोगुनी हुई है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने देश में 67 साल तक शासन किया, उसने देश के लिए कुछ नहीं किया। अब वे किसानों के हित के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। सीएम ने कहा कि वर्ष 2022 में 75 वें स्वतंत्रता दिवस तक कोई भी गरीब पक्के मकान के बिना नहीं होगा। गरीबों को पीएम आवास, आदिम जनजातियों को बिरसा आवास, मछुआरों को वेद व्यास आवास, विधवाओं को अंबेडकर आवास आदि का लाभ सरकार दे रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में 80 प्रतिशत बिजली व्यवस्था ठीक हो चुकी है। गढ़वा में दिसंबर तक बिजली नियमित मिलने लगेगी। शत प्रतिशत घरों में बिजली पहुंचे, इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। 60 ग्रिड बन रहे हैं और 250 सब स्टेशन बन रहे हैं।
मौके पर सीएम ने लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, भानु प्रताप शाही, आलोक चौरसिया, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष शिवधारी राम, पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता अलखनाथ पांडेय, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार झा, उपायुक्त हर्ष मंगला, डीडीसी नमन प्रियेश लकड़ा आदि उपस्थित थे।
कांग्रेस ने 67 सालों तक झारखंड को चारागाह बना कर लूटा
Previous Articleबिना प्रशिक्षण पूरा किये थानेदार बनाये जा रहे हैं नये दारोगा
Next Article कश्मीर: अमेरिकी सांसद ने की मोदी की तारीफ