रांची। जमशेदपुर पूर्वी से सीएम रघुवर दास द्वारा नॉमिनेशन के बाद भाजपा नेताओं ने प्रचंड जीत का दावा किया है। रांची महानगर भाजपा के कोषाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि रघुवर के पांच साल के काम पर जनता रिकॉर्ड मुहर लगानेवाली है। पूरे झारखंड में जीत का सर्वाधिक अंतर पूर्वी सिंहभूम में देखने को मिलेगा। वैसे 65 प्लस के विजन को लेकर चल रही भाजपा लक्ष्य से अधिक सीटें प्राप्त करेगी। पूरे राज्य में विकास की लहर है। रघुवर के काम की चर्चा है। जनता अब वोटिंग के दिन का इंतजार कर रही है। सीएम रघुवर दास ने पिछले पांच सालों में झारखंड में विकास की नयी इबारत लिखी है। यह आगे भी जारी रहेगी। झारखंड को नंबर वन राज्य बनाने की रघुवर की जिद पर इस बार जनता मुहर लगायेगी।
रमेश सिंह ने कहा कि भाजपा कैडर बेस्ड पार्टी है और यहां व्यक्ति की पूजा नहीं होती है। यही वजह है कि झारखंड में वोटरों की पहली पसंद भाजपा बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सीएम रघुवर दास ने पांच साल में भ्रष्टाचार पर नकेल कसी। उग्रवाद अंतिम सांसें गिन रहा है। आपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। सबसे बड़ी बात झारखंड से बिचौलिया समाप्त हो गये हैं। अब राशि सीधे लाभुक के खाते में जा रही है। आनेवाला पांच साल झारखंड के लिए काफी अहम होगा। इस बात को जनता भी समझ चुकी है। इसी कारण जनता भी इस बार भाजपा के 65 प्लस के लक्ष्य को और आगे तक ले जाने की ठान ली है।