जमशेदपुर। राज्य के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने जमशेदपुर पूर्व से बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रविवार को दिन में उन्होंने मीडिया से कहा था कि वह जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिम सीट से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन देर रात 10 बजे उन्होंने केवल जमशेदपुर पूर्व से ही लड़ने का ऐलान किया। यहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री रघुवर दास से होगा। राय अभी जमशेदपुर पश्चिम के विधायक हैं। वह सोमवार को नामांकन करेंगे। सरयू राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ रायशुमारी करने के बाद वह इस नतीजे पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वह जमशेदपुर पूर्वी सीट पर अधिक समय देंगे। सरयू राय ने कहा कि पार्टी के फैसले से वह न दुखी हैं और न खुश हैं। अब एक निर्णय लेना है। बड़ी लकीर खींचनी है। उन्होंने कहा कि अब वह जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर सकेंगे।
मंत्री पद से दिया इस्तीफा
सरयू राय ने राज्य कैबिनेट से अपना इस्तीफा देर शाम राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को भेज दिया। उन्होंने विधायक पद और भाजपा से भी इस्तीफा दे दिया है। विधायक पद से इस्तीफा देने का पत्र उन्होंने स्पीकर दिनेश उरांव को भेजा है और उनसे इसे जल्द स्वीकार करने का आग्रह किया है।
पिछली बार 10 हजार से अधिक वोटों से जीते थे
सरयू राय ने 2014 का चुनाव जमशेदपुर पूर्व सीट से भाजपा के टिकट पर जीता था। उन्होंने कांग्रेस के बन्ना गुप्ता को 10 हजार 517 वोटों से हराया था। राय को 95 हजार 346 मत और बन्ना गुप्ता को 84 हजार 829 मत मिले थे।
जमशेदपुर पश्चिम से देवेंद्र सिंह होंगे भाजपा प्रत्याशी
इस बीच भाजपा ने जमशेदपुर पश्चिम से देवेंद्र सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यह जानकारी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने दी।
Previous Article24 को पलामू में पीएम मोदी की सभा
Next Article राजस्थान: बस-ट्रक में भीषण टक्कर, 11 की मौत