नयी दिल्ली। भाजपा और आजसू के बीच शुक्रवार को सकारात्मक पहल हुई। भाजपा आलाकमान ने सीटों पर बातचीत के लिए सुदेश महतो को दिल्ली बुलाया। देर शाम सुदेश महतो दिल्ली पहुंच गये। रात में उनकी झारखंड के चुनाव प्रभारी ओम माथुर से सकारात्मक बात हुई है। आजसू ने एक-एक सीट के बारे में ओम माथुर को ब्रीफ किया। सुदेश महतो ने कहा कि सीटों का बंटवारा जीतने के लिए होना चाहिए। हमें झारखंड में 65 प्लस के लक्ष्य को हासिल करना है। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि जिस सीट पर आजसू की मजबूत स्थिति है, वह सीट देनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा नहीं हो कि मजबूत सीटों से वंचित कर विपक्ष को जीतने का मौका दे दिया जाये।
बता दें कि आजसू ने 15 दिन पहले ही ओम माथुर को 20 सीटों की सूची सौंपी थी। उनमें सिल्ली, रामगढ़, बड़कागांव, लोहरदगा, सिमरिया, तमाड़, जुगसलाई, चक्रधरपुर, मझगांव, गोमिया, चंदनकियारी, टुंडी, डुमरी, सिंदरी, पाकुड़ सहित अन्य शामिल हैं। उसने एक-एक सीट के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला था। उसने यह भी जिक्र किया था कि 2014 के चुनाव में तालमेल में आजसू की तीन सीटें भाजपा ने अपने पास रख ली थीं, जो मुफ्त में विपक्ष के पास चली गयीं।
इधर, भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार को शाम 6.30 बजे होगी। इस बैठक में झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम तय होगा। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृहमंत्री भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, थावरचंद गहलोत, बीजेपी के संगठन महासचिव बीएल संतोष और शाहनवाज हुसैन मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री लौटे, आज फिर जायेंगे दिल्ली
इस बीच मुख्यमंत्री रघुवर दास शुक्रवार देर शाम दिल्ली से रांची लौटे। यहां पहुंचते ही वह जमशेदपुर के लिए रवाना हो गये। जमशेदपुर में वह एक पारिवारिक समारोह में भाग लेंगे। रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को सुबह वह पुन: दिल्ली के रवाना हो जायेंगे और वहां केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेंगे।

शार्टलिस्ट कर लिये गये हैं नाम
बता दें कि झारखंड भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हो चुकी है। इसमें पार्टी के झारखंड चुनाव प्रभारी ओम माथुर संग प्राप्त सूची पर विचार विमर्श किया गया। इस बैठक में सहचुनाव प्रभारी सौदान सिंह, नंदकिशोर यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन मंत्री धर्मेंद्रपाल सिंह, और प्रदेश प्रभारी रामविचार नेताम मौजूद थे। इस बैठक में झारखंड विधानसभा चुनावों से पहले उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की गयी और चुनाव समिति की बैठक के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version