अजय शर्मा
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विधानसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत करते हुए लोगों से इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का त्योहार शुरू होने जा रहा है। झारखंड की विकास यात्रा में यह चुनाव ऐतिहासिक होगा। उन्होंने पहली बार वोट डालने वालों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान की अपील भी की।
रघुवर दास ने कहा कि 14 साल तक झारखंड ने भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता का दंश झेला है। जेएमएम और कांग्रेस ने झारखंड के विकास पर ब्रेक लगा दिया था। बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए हम तरस रहे थे। मोदी जी के नेतृत्व में झारखंड विकास के पथ पर बढ़ चला है। अब इसे रुकने नहीं देना है। उन्होंने कहा कि 2014 में पहली बार आपके आशीर्वाद से झारखंड में स्थिर सरकार बनी। पिछले पांच साल में हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है। झारखंड के माथे से हमने भ्रष्टाचार का कलंक मिटाया। हम झारखंड के विकास में दिन-रात जुटे रहे। आज हर नागरिक गर्व से कहता है, हां, हम झारखंडवासी हैं।
सीएम ने कहा कि पांच साल में झारखंड में वह सब संभव हुआ है, जो पहले असंभव लगता था। राज्य में निवेश बढ़ा है, रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, महिलाएं सशक्त हुई हैं, युवाओं का आत्मविश्वास लौटा है, किसानों के घर समृद्धि आ रही है। हमारी सरकार के पांच साल के कार्यकाल ने यह साबित कर दिखाया है कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है, नक्सलवाद पर नकेल कसी जा सकती है। हमने नेक इरादे और बुलंद हौसले के साथ हर झारखंडवासी का सिर हमेशा गर्व से ऊंचा रखा। आज झारखंड के गांव-गांव, घर-घर बिजली और शौचालय है। गांव से शहर तक चमचमाती सड़कें हैं, किसानों को फसल से पहले 11 हजार से 31 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद मिल रही है। पांच लाख से ज्यादा लोगों को उनके सपनों का घर मिला है। यह सिर्फ पांच साल में हमने कर दिखाया है।
रघुवर दास ने जनता से अपील की कि भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर अपना आशीर्वाद दें। पिछले पांच साल में झारखंड ने विकास के नये कीर्तिमान बनाये हैं। जो 14 साल में नहीं हो पाया था, आपके आशीर्वाद से हमने वो पांच साल में कर दिखाया है। अब हमें विकास का यह सिलसिला थमने नहीं देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में बेटियों के लिए मुख्यमंत्री सुकन्या योजना है, जिसके तहत उन्हें 40 हजार रुपये की मदद मिल रही है। इसके अलावा बिटिया की शादी के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत अलग से 30 हजार रुपये दिये जाते हैं। महिला सशक्तीकरण के लिए एक रुपये में रजिस्ट्री योजना है। अब तक 1.70 लाख से ज्यादा बहनें मकान मालकिन बन चुकी हैं। हर पंचायत में ट्रेनिंग देकर बहनों को मिट्टी की डॉक्टर बनाया जा रहा है। 20 लाख से ज्यादा महिलाओं को सखी मंडल के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये हैं। पिछले पांच साल में 40 लाख मां-बहनों को धुएं और घुटन की जिंदगी से मुक्ति मिली है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन, मुफ्त गैस चूल्हा और दो सिलेंडर का रिफिल भी मुफ्त देने वाला झारखंड देश का इकलौता राज्य है। झारखंड के 68 लाख लाख परिवारों में से 57 लाख परिवारों के पास आयुष्मान भारत का सुरक्षा कवच है। अब उन्हें इलाज पर एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ता। अब तक तीन लाख से ज्यादा लोगों का मुफ्त इलाज हो चुका है। 108 एंबुलेंस सेवा ने अब तक तीन लाख से ज्यादा लोगों को आपात स्थिति में चिकित्सा उपलब्ध करायी है। वहीं, जनसंवाद कार्यक्रम के जरिये जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया । 92 प्रतिशत से ज्यादा समस्याओं का समाधान हुआ। 14 साल में जो कांग्रेस और जेएमएम की सरकारें नहीं कर पायीं, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने कर दिखाया। आदिवासी संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिए अब झारखंड में जबरन या लालच देकर धर्मांतरण अपराध है। 2014 तक सिर्फ 16.4 प्रतिशत घरों में शौचालय थे। आज झारखंड के घर-घर में शौचालय है। झारखंड खुले में शौच से मुक्त राज्य है। झारखंड के बच्चे पढ़े-लिखें, यह चिंता पहले किसी ने नहीं की थी। 2014 तक सिर्फ 3269 स्कूलों में बेंच-डेस्क थे। हमने सरकार बनते ही सभी 34 हजार से ज्यादा स्कूलों में बेंच-डेस्क लगवाये। 2014 तक झारखंड में सिर्फ तीन मेडिकल कॉलेज थे। पांच साल में हमने तीन नये मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया तथा दो मेडिकल कॉलेज और रांची में कैंसर अस्पताल का निर्माण जारी है। देवघर में एम्स की स्थापना हुई और इस सत्र से पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है। राज्य गठन के बाद से ही जो कांग्रेस और जेएमएम ने जो सोचा तक नहीं, वह हमने कर दिखाया। पांच साल में झारखंड को अपना विधानसभा भवन मिला। साहिबगंज को मल्टी मॉडल टर्मिनल मिला। सिंदरी को दोबारा अपना खाद कारखाना मिला।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version