राणा प्रताप सिंह
रांची। बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद और राजद के महागठबंधन के पक्ष में आये एग्जिट पोल ने झारखंड राजद को संजीवनी दे दी है। बिहार में राजद के पक्ष में बह रही हवा के रूख से झारखंड राजद सांसें लेने लगा है। एग्जिट पोल के नतीजे से उत्साह में आया झारखंड राजद की खुशी प्रदेश कार्यालय में दिखने लगी है। मंगलवार को बिहार के चुनाव की मतगणना होनी है, इसे लेकर झारखंड राजद के हरमू बाइपास रोड स्थित पार्टी कार्यालय में चुनाव परिणाम का प्रसारण दिखाने के लिए एलइडी टीवी लगायी जायेगी। चुनाव परिणाम के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को सुबह आठ बजे पार्टी प्रदेश कार्यालय पहुंचने का निर्देश प्रदेश राजद अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने दिया है। कार्यकर्ताओं से अपील की गयी है कि वे घर के बजाय कार्यालय आकर बिहार चुनाव का रिजल्ट एलइडी टीवी पर देखें। सोमवार को झारखंड राजद का प्रदेश कार्यालय गुलजार दिखा। सुबह नौ बजे से ही पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय पहुंच चुके थे।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, श्यामदास सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, अर्जुन यादव आदि कार्यकर्ता बिहार चुनाव के आने वाले रिजल्ट पर चर्चा में व्यस्त थे। राजद कार्यकर्ता यह अनुमान लगाते दिखे कि एग्जिट पोल से भी बेहतर परिणाम राजद महागठबंधन के पक्ष में आयेगा। चुनाव परिणामों की अटकलें राजद कार्यकर्ताओं द्वारा लगायी जा रही थी। राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह और राजद के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण किशोर मंगलवार को होने वाले बिहार चुनाव को लेकर प्रदेश राजद कार्यालय में की जाने वाली तैयारियों पर चर्चा में व्यस्त दिखे। वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा में एक सीट मिलने के बाद से राजद झारखंड के कार्यकर्ताओं में थोड़ी निराशा हुई थी, लेकिन हेमंत सरकार के गठन के बाद राजद को मंत्रिमंडल में मिले एक पद ने राजद की अहमियत को बता दिया है। बिहार चुनाव का परिणाम मंगलवार को आना है।
ऐसे में प्रदेश राजद कार्यालय में पार्टी नेताओं की चहलकदमी बढ़ गयी है। बिहार चुनाव से लौटने के बाद प्रदेश कार्यालय में झारखंड के राजद नेताओं की भीड़ उमड़ने लगी है। अच्छी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के राजद कार्यालय में पहुंचने से कार्यालय की रौनक बढ़ गयी है। कभी झारखंड में 11 सीटों वाली राजद के एक सीट पर आने के बाद से यह माना जाने लगा था कि राजद का जनाधार झारखंड में घट रहा है।
झारखंड से सटे राज्य बिहार की राजनीतिक हलचल पर झारखंडवासियों की भी नजर रहती है। ऐसे में बिहार में राजद के बढ़ते जनाधार का असर झारखंड में भी भविष्य में दिखेगा, यह माना जा रहा है। बिहार में राजद के पक्ष में आने वाले संभावित परिणाम को लेकर राजद कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिख रहा है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

