रांची। बिहार के मुख्यमंत्री पद के दावेदार और लालू प्रसाद के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव का सोमवार को जन्मदिन था। उधर मंगलवार 10 नवंबर को बिहार चुनाव की मतगणना होनी है। पिता लालू प्रसाद ने फोन पर बेटे तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि बिहार की जनता उन्हें मंगलवार को बड़ा तोहफा देने जा रही है। जानकारी के अनुसार राजद सुप्रीमो से बात करने के लिए बेटे तेजस्वी ने पिता को तीन बार फोन किया। रात 12 बजे आशीर्वाद लेने के लिए उन्होंने सेवादारों के नंबर में संपर्क किया। लेकिन तब तक लालू प्रसाद सो चुके थे। इसके बाद सुबह छह बजे उन्होंने दोबारा फोन किया। लेकिन पिता से बात नहीं हो सकी। वहीं नींद खुलने के बाद लालू प्रसाद ने खुद तेजस्वी को फोन लगाकर जन्मदिन की बधाई दी और आशीर्वाद दिया। लालू प्रसाद ने अपने बेटे से कहा कि यह जन्मदिन उनके लिए खास होने वाला है। सोमवार को राज्य की जनता उन्हें बधाई देगी और मंगलवार को जनता का दिया तोहफा मिल जायेगा। उन्होंने तेजस्वी को जनता के साथ मिलकर जन्मदिन मनाने का निर्देश भी दिया। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। बताते चलें कि मतदान को लेकर जिस हिसाब से एग्जिट पोल के नतीजे आये हैं, उसके अनुसार, तेजस्वी बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में दिख रहे हैं।
रांची आ सकते हैं तेजस्वी यादव
बताया जा रहा है कि 10 नवंबर को चुनाव का रिजल्ट जारी होने के बाद तेजस्वी यादव बुधवार 11 नवंबर को पिता लालू प्रसाद का आशीर्वाद लेने रांची आ सकते हैं। बता दें कि बिहार में सभी को 10 नवंबर का बेसब्री से इंतजार है। राजद सुप्रीमो के साथ-साथ पूरे राजद परिवार को उम्मीद है कि एग्जिट पोल के अनुमान की तरह ही 10 नवंबर को मतगणना के परिणाम आयेंगे और तेजस्वी यादव का राज्याभिषेक होगा।
Previous Articleझारखंड की सियासत का नया मुद्दा बना है धर्म कोड
Next Article बिहार के एग्जिट पोल ने झारखंड राजद को दी संजीवनी
Related Posts
Add A Comment