पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में 125 सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ ही सोमवार को नीतीश कुमार ने सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उनके अलावा दो उप मुख्यमंत्री और 12 विधायकों और विधान पार्षदों ने मंत्री पद की शपथ ली है। नीतीश कुमार की कैबिनेट पूरी तरह से एक अलग रंग में दिख रही है। काफी चेहरे बदले हुए हैं। बिहार में एनडीए सरकार के शुरुआती दौर से ही नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सुशील मोदी की जगह इस बार तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को डिप्टी सीएम बनाया गया है। ये दोनों भाजपा के विधायक हैं। राजभवन में तीसरे पहर आयोजित समारोह में राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश और अन्य सभी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। भाजपा कोटे से मंत्री बनने वाले सात चेहरों में मंगल पांडेय को छोड़कर सभी पहली बार बिहार कैबिनेट में शामिल हुए हैं। जदयू कोटे से अशोक चौधरी, बिजेंद्र यादव, पहली बार विधायक बनी शीला मंडल को मंत्री बनाया गया है। राज्यपाल ने सबसे पहले मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार को शपथ दिलायी। उनके बाद तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी ने शपथ ली। कैबिनेट में जदयू कोटे से पांच, भाजपा कोटे से सात और हम तथा वीआइपी के एक-एक मंत्री शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी राजभवन पहुंचे। उनके अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग वहां उपस्थित थे।
शामिल नहीं हुए तेजस्वी, बधाई दी
राजद नेता तेजस्वी यादव शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए। हालांकि उन्होंने नीतीश कुमार को कटाक्ष के अंदाज में बधाई दी। उन्होंने ट्वीट के जरिये अपने बधाई संदेश में नीतीश कुमार को ‘मनोनीत’ मुख्यमंत्री कहकर संबोधित किया। तेजस्वी ने लिखा, नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री ‘मनोनीत’ होने पर शुभकामनाएं। आशा करता हूं कि कुर्सी की महत्वाकांक्षा की बजाय वो बिहार की जनाकांक्षा एवं एनडीए के 19 लाख नौकरी-रोजगार और पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई जैसे सकारात्मक मुद्दों को सरकार की प्राथमिकता बनायेंगे।
पीएम मोदी ने दी बधाई, बिहार के विकास के लिए मिल कर काम करेंगे
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप शपथ लेने के बाद उन्हें बधाई दी और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का परिवार राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करेगा। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए नीतीश कुमार जी को बहुत बधाई। बिहार सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों को भी बधाई। राजग परिवार बिहार के विकास के लिए मिलकर काम करेगा। बिहार के कल्याण के लिए केंद्र की ओर से मैं आपको हरसंभव मदद का आश्वासन देता हूं।
इन्होंने ली शपथ
नीतीश कुमार : सीएम, जदयू
तारकिशोर प्रसाद : डिप्टी सीएम, भाजपा
रेणु देवी : डिप्टी सीएम, भाजपा
विजेंद्र यादव : मंत्री, जदयू
मेवालाल चौधरी : मंत्री, जदयू
अशोक चौधरी : मंत्री, जदयू
विजय चौधरी : मंत्री, जदयू
शीला कुमारी : मंत्री, जदयू
संतोष कुमार सुमन : मंत्री, हम
मुकेश सहनी : मंत्री, वीआइपी
मंगल पांडेय : मंत्री, भाजपा
अमरेंद्र प्रताप : मंत्री, भाजपा
रामप्रीत पासवान : मंत्री, भाजपा
जीवेश कुमार : मंत्री, भाजपा
रामसूरत कुमार : मंत्री, भाजपा
नीतीश ने सातवीं बार संभाली बिहार की कमान
Previous Articleझारखंड में बड़े पैमाने पर कोयला तस्करी की तैयारी
Next Article छठ गाइडलाइन पर पुनर्विचार का दबाव