रांची। नव नियुक्त अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) धनंजय ने शुक्रवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कार्यालय कक्ष में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक से औपचारिक रूप से प्रभार लिया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में जिले की वर्तमान विधि व्यवस्था, लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति और आगामी प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

अधिकारियों ने जिले में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श किया। पदभार संभालने के बाद धनंजय ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को पारदर्शिता और समन्वय के साथ आगे बढ़ाने की बात कही। इस दौरान धनंजय ने राजेश्वर नाथ आलोक को उनके कार्यकाल में किए गए कार्यों और योगदान के लिए आभार प्रकट किया। वहीं उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने नव नियुक्त अपर जिला दंडाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी।

पदभार ग्रहण के दौरान अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, स्थापना उप समाहर्ता विवेक कुमार सुमन सहित कार्यालय के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version