सरायकेला। एक करोड़ के इनामी नक्सली प्रशांत बोस उर्फ बूढ़ा एवं उनकी पत्नी शीला मरांडी समेत छह नक्सलियों को सरायकेला से रांची के होटवार जेल शिफ्ट कर दिया गया है। यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है। जिन नक्सलियों को रांची शिफ्ट किया गया है उसमें वीरेंद्र हांसदा, राजू टुडू, कृष्णा बाहन्दा और गुरुचरण बोदरा शामिल है। सबों को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद रविवार को कोर्ट में पेश किया गया था। फिर रिमांड देने की मांग की गयी थी, लेकिन नहीं मिली। इसके बाद सबों को सरायकेला जेल भेज दिया गया था। सोमवार सुबह सभी को विशेष सुरक्षा के साथ सरायकेला जेल से रांची के होटवार जेल भेजा गया। इस दौरान सरायकेला से रांची तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी।
बता दें कि प्रशांत बोस झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में सीपीआइ माओवादियों की गुरिल्ला आर्मी को कमांड करता था। इन राज्यों के नक्सली नेताओं का आना-जाना और मिलना-जुलना प्रशांत बोस से था। वर्ष 2004 से पहले प्रशांत बोस एमसीआइआइ का प्रमुख था। उसकी पत्नी शीला मरांडी माओवादी संगठन की शीर्ष सेंट्रल कमेटी की सदस्य है। साथ ही वह नारी संघ की प्रमुख है। प्रशांत बोस अपने प्रभाव वाले क्षेत्र के कैंडरों को एक राज्य से दूसरे राज्य प्रशिक्षण के लिए भेजता था और उससे बड़ी-बड़ी वारदात को अंजाम दिलवाता था।