आजाद सिपाही संवाददाता
चाईबासा। चक्रधरपुर के चर्चित कमलदेव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मंडल साई निवासी गुलजार हुसैन उर्फ पिट्ठू और सिमिदिरी निवासी मतिउर उर्फ रहमान उर्फ दानिश शामिल है। सोमवार शाम चाईबासा पुलिस ने दोनों आरोपियों को प्रस्तुत किया। एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि 12 नवंबर को कमलदेव गिरि की हत्या कर दी गयी थी। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। इसके लिए एक 11 सदस्यीय एसआइटी का गठन किया गया था। इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता सतीश प्रधान और जाहिद है, जिन्होंने गुलजार और मतिउर के अलावा अपने चार अन्य साथियों के साथ मिल कर घटना को अंजाम दिया.
पुराने विवाद का बदला लेने के लिए हुई हत्या
एसपी ने बताया कि बीते साल सतीश प्रधान और कमलदेव के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में दोनों जेल गये थे। उसके बाद से ही सतीश हत्या की साजिश रच रहा था। घटना को अंजाम देने के लिए सतीश ने अपने साथी जाहिद के साथ मिलकर गुलजार और मतिउर को हथियार बनाया और उनसे रेकी करवायी। वहीं घटना को अंजाम देने में दो से ज्यादा लोगों के शामिल होने की बात बतायी जा रही है। एसपी का कहना है कि सतीश की गिरफ्तारी के बाद ही मामला पूरी तरह साफ हो पायेगा।