आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। रांची के राजकुमार और भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपने घर में हैं। माही जेएससीए की ओर से आयोजित कंट्री क्लब टेनिस प्रतियोगिता में तीसरी बार विजेता बने हैं। उन्होंने अपने जोड़ीदार सुमित बजाज के साथ मिलकर सभी प्रतिद्वंदियों को हराते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। माही ने अपनी विजेता ट्रॉफी लेने के बाद टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले बच्चों के बीच अपना एमएस धोनी अकैडमी का मिनिएचर बल्ला उपहार स्वरूप बांटा। बता दें कि सभी बल्लों में धोनी के हस्ताक्षर हैं। माही से उपहार पाकर बच्चे काफी खुश दिखे।
धोनी के देखने के लिए दर्शकों की भी भारी भीड़
प्रतियोगिता कंट्री क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित की जा रही थी। रांची के जेएससीए टेनिस टूनार्मेंट में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने जोड़ीदार सुमित बजाज के साथ शानदार खेल का प्रदर्शन किया। धोनी ने क्रिकेट के मैदान की तरह यहां भी अपने शानदार खेल के प्रदर्शन से लोगों का मन जीत लिया। धोनी के जोड़ीदार सुमित बजाज ने बताया कि वह बहुत फोकस होकर खेलते हैं। जेएससीए स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक टेनिस कोर्ट पहुंचे थे। धोनी की वजह से दर्शकों की भी भारी भीड़ थी। टेनिस सीखने वाले बच्चे भी बड़ी संख्या में धोनी को देखने पहुंचे थे।