आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के विधायक सरयू राय ने सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव से कई सूचनाएं मांगी हैं। इनमें विभाग द्वारा प्रकाशित आहार पत्रिका के प्रकाशन के निर्णय और मुद्रक की नियुक्ति के निर्णय से संबंधित संचिका के टिप्पणी भाग एवं पत्राचार भाग के सभी पृष्ठों की छाया प्रति, विभाग द्वारा आउट बाउंडिंग डायलिंग के लिए एजेंसी चयन का निर्णय करने की संचिका के टिप्पणी पक्ष एवं पत्राचार पक्ष के सभी पृष्ठों की छाया प्रति एवं अवकाश प्राप्त मार्केटिंग अफसर सुनील शंकर की पुनर्नियुक्ति संबंधी संचिका के टिप्पणी भाग एवं पत्राचार भाग के सभी पृष्ठों की छाया प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने विभाग के निदेशक से भी आहार पत्रिका के मुद्रकों को किये गये कुल भुगतान, भुगतान के लिए जिलों से प्राप्त प्राप्ति स्वीकृत रसीदों की छाया प्रतियां तथा भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। राय ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नजदीकी और टेल्को, जमशेदपुर निवासी ने इस बारे में जांच कराने के लिए एसीबी में परिवाद दर्ज कराया है। एसीबी ने निगरानी विभाग को लिखा है कि चूंकि परिवाद के साथ विभागीय संचिकाओं और पत्राचारों की छाया प्रतियां परिवादी ने संलग्न की है। इन छाया प्रतियों का मिलान विभाग की मूल संचिकाओं से कराने के लिये प्रारंभिक अनुसंधान (पीई) दर्ज करना होगा। अत: इस मामले में पीई दर्ज करने की अनुमति दी जाये। राय ने कहा है कि वे चाहते हैं कि निगरानी विभाग से एसीबी को पीई दर्ज करने की अनुमति जल्द मिल जाये। यदि एसीबी परिवाद के साथ संलग्न छाया प्रतियों का मिलान मूल संचिका के साथ करना चाहता है, तो एसीबी की सहायता करने के लिए मैंने विभाग और निदेशालय से मूल संचिकाओं की अभिप्रमाणित प्रतियां मांगी हैं। मिलते ही वह इन्हें एसीबी को दे देंगे, ताकि एसीबी इनका मिलान कर ले और विधिसम्मत कारवाई करे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

