रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 नवंबर को झारखंड दौरे पर आएंगे। वे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उलिहातू में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे खूंटी में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा के राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की आधिकारिक जानकारी दी है।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर शुक्रवार को खूंटी में भाजपा के जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों और सभा को सफल बनाने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के झारखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित कर झारखंड का सम्मान बढ़ाया है। इससे जनजाति समाज का स्वाभिमान और सम्मान बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव है। जनता का प्रेम उन्हें बार-बार झारखंड खींच लाता है। अपने मन की बात कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री बार-बार झारखंड को जगह देते हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अलग राज्य का सपना साकार किया था।

बैठक में पद्म भूषण कड़िया मुंडा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, महामंत्री प्रदीप वर्मा, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह के अलावा रांची महानगर, ग्रामीण, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर महानगर, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां के जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version