-प्रदेश भाजपा ने पंचायत समिति सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया
आजाद सिपाही संवाददाता
गिरिडीह। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को गिरिडीह में जिला के पंचायत समिति सदस्यों के प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन इस मौके पर उन्होंने पार्टी के इतिहास विकास, संकल्प,प्रतिबद्धता जैसे आयामों पर विस्तार से चर्चा की। बाबूलाल ने कहा कि भारत को इसके प्राचीन संस्कृति, गौरवशाली अतीत को फिर प्रतिस्थापित कर देश को पुन: विश्व गुरु के पद पर आसीन करने के साथ जनसंघ और फिर भाजपा की स्थापना हुई। जनसंघ से लेकर भाजपा की विकास यात्रा में पार्टी की राजनीति के केंद्र में राष्ट्र सेवा सर्वोपरी है। भाजपा की पंच निष्ठाओं में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, लोकतंत्र,गांधीवादी समाजवाद,सर्व धर्म समभाव और मूल्य आधारित राजनीति समाहित है। एकात्म मानव दर्शन के साथ हमारा संकल्प अंत्योदय है। विश्व बंधुत्व के भाव से भारत विश्व के कल्याण के लिए समर्पित है।
बाबूलाल ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। हमने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। स्वतंत्र भारत में राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा केलिए पहला बलिदान पार्टी के प्रेरणा पुरुष और जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का हुआ। दो विधान, दो निशान ,दो प्रधान के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए डॉ मुखर्जी ने जम्मू कश्मीर में अपनी गिरफ्तारी दी जहां जेल में एक षड्यंत्र के तहत उनकी हत्या कर दी गयी। उन्होंने कहा कि भले ही उस वक्त हमारा जनाधार बड़ा नहीं था, लेकिन हमारा संकल्प भारत की जन भावनाओं के अनुरूप था। राष्ट्र सेवा के प्रति हमारी वैचारिक प्रतिबद्धता मजबूत थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा देश पर थोपे गये आपातकाल में जनसंघ ने लोकतंत्र की रक्षा केलिए अपनी पहचान तक मिटा दी। तुष्टिकरण की राजनीति ने देश का बड़ा नुकसान किया है। देश का विभाजन भी कांग्रेस की तुष्टिकरण का ही परिणाम था।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने अपने मौलिक चिंतन में तुष्टिकरण नहीं बल्कि सर्व पंथ समभाव को अपनाया है। आज भी भाजपा की चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन में धर्म पंथ के आधार पर कोई भेद भाव नहीं किये जा रहे। आज भाजपा अपने सैद्धांतिक प्रतिबद्धताओं के आधार साथ आगे बढ़ते हुए विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल बनी है। भाजपा ने परिवारवाद,वंशवाद की धार को कमजोर किया है। भाजपा सर्व स्पर्शी,सर्व समावेशी और सर्वव्यापी संगठन है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सिरमौर बन रहा। गांव गरीब किसान आदिवासी दलित पिछड़े सभी समाज विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहे। भारत का सांस्कृतिक गौरव पुन: स्थापित हो रहा। आज सशक्त भाजपा ,सशक्त भारत की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारतीय विचारों को आगे बढ़ाते हुए आत्म निर्भर भारत, मजबूत भारत और विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।
जनसंघ से लेकर भाजपा की विकास यात्रा में देश सेवा सर्वोपरी: बाबूलाल मरांडी
Previous Articleटनल हादसा: आयी मंगलघड़ी, निकले मजदूर
Next Article यह आदिवासी-मूलवासी की सरकार: हेमंत सोरेन