कोडरमा। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर गुरुवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में मीडिया विषय पर जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से गुरुवार को एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया। कार्यक्रम का प्रारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, वन प्रमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त ऋतुराज, वरीय पत्रकार जगदीश सलूजा, संजीव समीर, विनोद विश्वकर्मा, सतीश कुमार, मनोज कुमार झुन्नू, विकास कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

सेमिनार में उपस्थित पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में मीडिया विषय पर अपने-अपने विचार को प्रकट किया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दौर है। मीडिया के क्षेत्र में भी आर्टिफिशियल इंटिलिजेंस का महत्व बढ़ा है। इसकी सहायता से समाचार संकलन कर उसे आसानी से तैयार कर हम तक पहुंचाया जा रहा है। लेकिन हमें अपने दायित्वों का निर्वहन भी ईमानदारी पूर्वक करने की आवश्यकता है।

उन्होंने मीडिया के कार्य की सराहना करते हुए इसी प्रकार आगे भी चौथे स्तंभ के रूप में समाज का दर्पण स्वरूप कार्य करने की कामना की। उप विकास आयुक्त ऋतुराज ने कहा कि इस तकनीक से हमें काफी फायदा हुआ है एवं इसके कुछ नुकसान भी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से बड़े और जटिल डेटा को गणना और विश्लेषण कर सकता है, जिससे नए और प्रभावी समाधान निकल सकते हैं। हमें सिर्फ और सिर्फ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।

वन प्रमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का सर्वांगीण विकास में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। कई बार इनकी सहायता से लोगों की समस्याएं हम तक पहुंचती है एवं उन समस्याओं का हम निराकरण करते हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version