मणिपुर की घटना पर क्यों चुप रहे प्रधानमंत्री और असम के मुख्यमंत्री
रोटी माटी और बेटी बात करने वाले सिर्फ बातें ही करते हैं इसके लिए कुछ करते नहीं
मैंने झारखंडियों का दर्द अपने कंधों पर उठाया है
सरायकेला/चक्रधरपुर। हेमंत सोरेन ने बुधवार को सरायकेला में गणेश महली और चक्रधरपुर में सुखराम उरांव के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। हेमंत सोरेन ने कहा हमारे विरोधियों ने षड्यंत्र कर मुझे जेल में डाल कर जेएमएम का सफाया करना चाहा। लेकिन उन्हें पता नहीं जेएमएम इस राज्य का चीन की दीवार है। कोई इसको लांघ कर नहीं जा सकता, जो इस दीवार पर चढ़ेगा वो खत्म हो जायेगा।

झारखंड में मंडरा रहें हैं बाहरी लोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग महिला सुरक्षा की बात कर रहें हैं। लेकिन इनके शासन में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। नॉर्थ इस्ट पहाड़ी क्षेत्र है। नॉर्थ इस्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी का चेयरमैन यहां घूम रहा है। असम का मुख्यमंत्री। उससे पूछिए मणिपुर में एक लड़की को नंगा घुमाया गया। उसपर हिमंता और प्रधानमंत्री ने क्यों कुछ नहीं बोला।

जाति विशेष के लोगों पर निशाना
हेमंत सोरेन ने कहा न्यायालय ने भी माना है कि असम में जाति विशेष के लोगों को निशाना बनाया जाता है। यूपी में चुनाव की तिथि को बढ़ा दिया गया है। वहां के लोग यहां आकर बुलडोजर में चढ़कर बात करता है। ऐसे लोगों पर डोजर चलाकर खत्म करेंगे।

बेटी की बात करने वालों ने रेप के आरोपी को चुनाव में छोड़ा
हेमंत सोरेन ने कहा कि ये लोग मां और बेटियों की बात करते हैं। गुजरात में बिल्किस बानो का सामूहिक रेप करने वालों को इन लोगों ने चुनाव में छोड़ दिया। पंजाब के राम-रहीम जो रेप के आरोप में जेल में बंद है, उसे चुनाव में वोट मांगने के लिए पे रोल पर छोड़ दिया। ये वही लोग हैं। ये उन लोगों के साथ हैं, जो महिलाओं से छेड़-छाड़ बलात्कार करने की वजह से जेल में बैठे हैं।

रोटी की बात करने वालों के शासन में लोग भूख से मरे
हेमंत सोरेन ने कहा आज ये रोटी की बात करते हैं। यही डबल इंजन की सरकार में लोग भात-भात कर भूख से मर गये। वहीं आपकी सरकार ने कोरोना जैसी महामारी देखी, लेकिन किसी की मौत भूख से नहीं हुई।

माटी की बात करने वालों ने लोगों को विस्थापित किया
हेमंत ने कहा कि माटी की बात करने वालों ने खनन और डैम निर्माण के नाम पर लोगों को विस्थापित किया। यहां कारखाना और माइनिंग इनके मित्रों का है। आज सबसे अधिक जमीन आदिवासियों की है। इस जमीन को कब्जा करने के लिए ये लोग नयी-नयी नीति बनाते हैं। पहली बार हमलोगों ने इन्हें टक्कर दी है। खनन के नाम पर विस्थापन नहीं होगा। उद्योग लगने से पहले तय होगा तुम रोजगार और मुआवजा कितना दोगे। इसके बाद बात आगे बढ़ेगी। हमने कानून भी दिया है। उद्योगों में 75 प्रतिशत स्थानीय होंगे। तब धुवां निकलेगा नहीं तो ताला लटकेगा।

इनके लिए इडी और सीबीआइ नहीं
हेमंत ने कहा गुजरात में इनके व्यापारी मित्रों के बंदरगाह से चरस और मादक पदार्थ पकड़ा जाता है। लेकिन कोई इडी और सीबीआइ जांच नहीं होती। सब ढंक दिया जाता है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version