रांची। सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में असम के मुख्यमंत्री सह झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा एवं झारखंड के चुनाव प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने सिदो कान्हू के वंशज सह बरहेट विधानसभा से झामुमो के प्रत्याशी हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू को भाजपा में शामिल कराया। ज्वाइनिंग कराने के बाद चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा पिछली बार की तुलना में इसबार ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि आज संथाल परगना का पॉलिटिकल भविष्य घुसपैठिये तय करते हैं ना कि आदिवासी, मूलवासी और भारतीय मतदाता। अत: झारखंड में यूसीसी की जरूरत है। यूसीसी कानून के दायरे से यहां के आदिवासियों को बाहर रखा जायेगा। उनको इसमें शामिल नहीं किया जायेगा। वे अपनी परंपरा और रीति रिवाज के साथ जीवन यापन करेंगे, उसमें किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पहले यूसीसी क्या है, उसे समझना होगा। इसके लागू होने से यहां पर बाल विवाह नहीं होगा। कोई भी चार-चार शादी नहीं कर सकेगा। अत: आज इसकी देश को जरूरत है।
सरमा ने कहा कि मेरे ऊपर बार-बार चुनाव आयोग से शिकायत की जाती है कि मैं घुसपैठियों को खिलाफ क्यों बोलता हूं। इसका मतलब है कि मैं घुसपैठियों के खिलाफ नहीं बोलूं। इससे यह साबित होता है कि झामुमो घुसपैठियों का समर्थक और प्रवक्ता है इसलिये वे इसके बारे में ज्यादा बोलते हैं।
यूसीसी का विरोध क्यों कर रहे हेमंत : सरमा ने कहा कि हेमंत सोरेन यूसीसी का विरोध क्यों कर रहे हैं। हेमंत सोरेन को बताना चाहिए कि क्या देश में चार-चार विवाह होना चाहिए, बाल विवाह होना चाहिए। सरमा ने कहा कि मंडल मुर्मू से मेरी बातचीत हुई। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम दोनों ने तय किया कि वह हेमंत सोरेन के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ेंगे। क्योंकि इससे एक गलत मैसेज जाता और हेमंत सोरेन का नामांकन भी खारिज हो जता, यह हम लोग नहीं चाहते थे। सरमा ने कहा कि भाजपा चुनाव के बाद मंडल मुर्मू और चंपाई सोरेन के द्वारा भाजपा के संदेश को संथाल और आदिवासी समाज के बीच ले जाने का मकसद है न कि राजनीतिक इस्तेमाल करने का। सरकार की योजनाओं को समाज के बीच ले जाने का काम करेंगे। सरमा ने बताया कि 6 और 7 नवंबर को छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए हमारी चुनावी सभाएं कम होंगी। उसके बाद 8 नवंबर से लेकर 11 नवंबर तक पहले की तरह धुआंधार जनसभाएं होंगी। सरमा ने कहा कि सहारा इंडिया में झारखंड के लोगों ने जो बचत के लिए रखा था वो सारा पैसा उन्हें जरूर मिलेगा।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



