जमशेदपुर में जनसभा को गांडेय विधायक ने संबोधित किया
जमशेदपुर। गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने जमशेदपुर में रविवार को आयोजित जनसभा में कहा कि झारखंड बनने के बाद भी हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई है। अभी भी हम आदिवासी अस्मिता की लड़ाई लड़ रहे हैं। जब हेमंत सोरेन जी मंईयां योजना लागू करते हैं, तो उनसे डरी हुई केंद्र सरकार उन्हें जेल भेजने का काम करती है। कल्पना ने कहा कि विपक्ष हमें बांटने का काम कर रहा है जबकि इंडिया गठबंधन जोड़ने का काम कर रहा है। झारखंड का हर गांव एक शहीद की कहानी कहता है। लेकिन केंद्र सरकार झारखंड का पैसा रोक कर बैठा है।

वहीं, गठबंधन की सरकार ने 55 लाख महिलाओं के खाते में मंईयां सम्मान योजना का लाभ पहुंचाया है। हेमंत सोरेन झारखंड की माताओं-बहनों के लिए चिंतन करते हैं। झारखंड में सबसे ज्यादा शासन भाजपा ने किया, किंतु आज वो सिर्फ घर तोड़ने का काम कर रहे हैं। जबकि झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार आधी आबादी के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा- मैं आह्वान करने आयी हूं कि बन्ना गुप्ता को जिताइये। क्रमांक 1 पंजा छाप पर बटन दबाकर बन्ना गुप्ता के हाथों को मजबूत करना है। हमें दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों का राज्य बनाना है। हमें हेमंत सरकार को दोबारा लाना है। यह चुनाव हक-अधिकार को पाने के लिए लड़ा जा रहा है, जिसमें एक ओर जात-पांत और धर्म के नाम पर तोड़ने वाले लोग हैं। वहीं, दूसरी ओर आपके अपने हेमंत और बन्ना जैसे लोग हैं, जो मानगो फ्लाइ ओवर जैसी बड़ी-बड़ी योजनाओं को लाने के लिए रात दिन एक किए हुए हैं। इस चुनाव में ऐसे षड़यंत्रकारी लोगों को सबक सिखाना है।

इस दौरान जमशेदपुर पश्चिमी से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बन्ना गुप्ता ने कहा कि जो लोग कल तक कमल फूल को डुबाने में लगे थे। आज कहते हैं कि कमल ही सिलेंडर है। ये लोग जनता को भ्रमित कर रहे हैं, किंतु जनता इनकी सच्चाई जान गयी है। वहीं, पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी जनसभा में बन्ना के समर्थन में वोट मांगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version