झारखंड में सीएम योगी बोले- पहले औरंगजेब ने लूटा, अब झारखंड को आलमगीर आलम लूट रहे
बड़कागांव/कोडरमा। गेटवे ऑफ झारखंड के नाम से मशहूर कोडरमा से यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को चुनाव प्रचार की शुरूआत की। उन्होंने राज्य की हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस तरह औरंगजेब ने देश को लूटा था, मंदिरों को नष्ट किया था, उसी तरह झारखंड सरकार का एक मंत्री था आलमगीर आलम। उनके घर से नोटों की गड्डियां मिली थीं। ये पैसा झारखंड के गरीबों का था, जिसे लूटकर जमा किया गया था।
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के कोडरमा और बड़कागांव की सभाओं में सीएम योगी ने बटेंगे तो कटेंगे का नारा दोहराया। उन्होंने लोगों से कहा कि अपनी ताकत का एहसास करवाइए। जातियों में नहीं बंटना है। जाति के नाम पर कुछ लोग आपको बांटेंगे, कांग्रेस और विपक्ष यही काम करती है। ये लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों, रोहिंग्या को बुला रहे हैं। एक दिन ये लोग आपको घर के अंदर घंटी और शंख भी नहीं बजाने देंगे। इसलिए एक रहिए और नेक रहिए। मैं तो कहता हूं कि देश का इतिहास गवाह है जब भी बंटे हैं, निर्ममता से कटे हैं।
भाषण में कश्मीर और चीन-पाकिस्तान का जिक्र
सीएम योगी बोले- आज भारत के नाम से ही पाकिस्तान थर-थर कांपता है। आज भारत इतना शक्तिशाली है कि सभी आतंकवादी अपने बिल में घुसे हुए हैं। पीएम मोदी इतने शक्तिशाली हैं कि आज कोई भी देश भारत की तरफ आंख उठाकर भी नहीं देखता है। पहले चीन भारत को आंख दिखाता था अब वह पीछे हट रहा है। इंडिया गठबंधन देश की सुरक्षा, देश के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसलिए लोग बीजेपी को वोट कर यहां उनकी सरकार बनाएं। पीएम मोदी ने धारा 370 खत्म करके कश्मीर का समाधान कर दिया।
यूपी में माफिया राज खत्म किया
योगी आदित्यनाथ बोले- जिस तरह से यूपी में बुलडोजर से माफिया राज का अंत किया गया उसी तरह झारखंड में भी अपराधियों का खात्मा बीजेपी सरकार करेगी। बीजेपी की सरकार ही माफियाओं का नाश कर सकती है। भाजपा सुरक्षा की गारंटी है। 2017 के बाद यूपी में बुलडोजर चलना शुरू हुआ, उसके बाद से कुछ जेल में हैं और कुछ का राम नाम सत्य हो गया है। यूपी से माफिया का सफाया हो गया है।
अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी
सीएम योगी बोले- इस साल अयोध्या में भव्य दीपोत्सव हुआ। 500 वर्षों के बाद अयोधया में श्रीराम लला के आने से देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। जब अयोध्या में राम मंदिर बना तब मोदी जी ने कहा था कि अयोध्या में शुरूआत है, मथुरा में भी यही होने वाला है।