पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार काे अपने बिहार के नाम मुख्यमंत्री जी का पैगाम नाम से एक वीडियाे जारी किया है।वीडियाे के जरीय संदेश जारी कर मुख्यमंत्री ने पहले के बिहार और अब के बिहार के बीच अंतर और अपने उपलब्धियाें काे जनता के सामने रखते हुए

राज्य के मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी 6 और 11 नवंबर को मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एनडीए के उम्मीदवार को जीत दिलाएं।

वीडियो में मुख्यमंत्री ने बिहार की पिछली दशकों की स्थिति का जिक्र करते हुए बताया कि 2005 से पहले राज्य की हालत बहुत खराब थी। उन्होंने कहा कि जिस परिस्थिति में बिहार उन्हें मिला, उन्होंने उसे संभालते हुए विकास का काम किया। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि पहले बिहारी कहलाना अपमान का विषय था, लेकिन आज यह गर्व और सम्मान की बात बन गया है।

वीडियो संदेश में नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार ने लगातार बिहार के हर क्षेत्र में विकास कार्य किए हैं। उन्होंने मतदाताओं को याद दिलाया कि उन्होंने उन्हें चार बार मौका दिया और हर बार जनता ने उन्हें समर्थन दिया। मुख्यमंत्री ने अपील की कि इस बार भी बिहारवासियों को उनके उम्मीदवार को जीताना चाहिए, ताकि राज्य में एनडीए की सरकार बनी रहे और केंद्र में भी एनडीए की सरकार बनी रहे। उनका मानना है कि इससे बिहार का विकास लगातार जारी रहेगा और भविष्य में और भी तेजी से राज्य का उत्थान होगा।

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि उनके प्रयास किसी व्यक्तिगत या परिवारिक लाभ के लिए नहीं हैं। उन्होंने कहा, “हमने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया। मेरा पूरा बिहार मेरा परिवार है। हिंदू, मुस्लिम और सभी जातियों और धर्मों के लिए हमने काम किया है।” यह बयान इस बात की ओर इशारा करता है कि उनकी सरकार का दृष्टिकोण समग्र और सभी वर्गों के लिए समान विकास का है।

उन्हाेंने कहा है कि बिहार के विकास में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में निरंतर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने राज्य के गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की भलाई को हमेशा प्राथमिकता दी है। उनका संदेश यह था कि मतदान के माध्यम से जनता अपने भविष्य और बिहार के विकास में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

बिहार में इस बार चुनाव दो चरणों में होंगे 6 और 11 नवंबर को मतदान, जबकि नतीजों की घोषणा 14 नवंबर को की जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह संदेश एनडीए की चुनावी पकड़ को मजबूती देने में मदद कर सकता है और राज्य में विकास को लेकर मतदाताओं के विश्वास को पुनः जागृत कर सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version