मुंबई। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। भारत की लड़कियों ने आखिरकार 47 साल के लंबे इंतजार के बाद इतिहास रच ही दिया। टीम इंडिया ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हरा दिया। भारत ने वनडे विश्व कप का खिताब जीत लिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 298 रन बनाये और जवाब में दक्षिण अफ्रीका को 246 रन पर समेट दिया। रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में मुंबई के डीवाई पाटील स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। भारत ने 7 विकेट खोकर 298 रन बनाये। शेफाली वर्मा ने 87, दीप्ति शर्मा ने 58, स्मृति मंधाना ने 45 और ऋचा घोष ने 34 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका से आयाबोंगा खाका ने तीन विकेट लिये। बड़े टारगेट के सामने दक्षिण अफ्रीका टीम 246 रन बनाकर आॅलआउट हो गयी। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शतक लगाया, लेकिन टीम को जिता नहीं सकीं। दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लिये।

52 साल पहले शुरू हुआ था वर्ल्ड कप:
महिला वनडे विश्व कप की शुरूआत 52 साल पहले 1973 में हुई थी। तब भारत ने हिस्सा नहीं लिया था। 47 साल पहले 1978 में इंडिया विमेंस ने डायना एडल्जी की कप्तानी में पहली बार टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। 2005 में टीम इंडिया पहली बार फाइनल में पहुंची, लेकिन आॅस्ट्रेलिया से हार गयी। 2017 में भारत ने आॅस्ट्रेलिया को ही सेमीफाइनल हराकर फाइनल में एंट्री की, लेकिन इंग्लैंड ने फाइनल हरा दिया। 2025 में भारतीय टीम ने फिर एक बार आॅस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराया। फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टीम इंडिया विश्व चैंपियन बनी।

पूरे देश में जश्न, आतिशबाजी से गूंजा शहर:
महिला भारतीय क्रिकेट टीम के इतिहास रचने से पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गयी। हर तरफ जश्न मनाया जाने लगा। रांची राजधानी समेत देश के कई शहरों में आतिशबाजी हुई। सभी ने देश की महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version