रांची: दिल्ली की निर्भया को इंसाफ की बहस के बीच रांची की एक बेटी निर्भया की ही तरह हैवानियत की शिकार हो गयी। आरटीसी इंजीनियरिंग कॉलेज के फिफ्थ सेमेस्टर की छात्रा जया भारती (19) गुरुवार की रात घर में अकेली थी। शुक्रवार की अहले सुबह जया का शव बूटी बस्ती स्थित उसके घर में नग्न स्थिति में जली अवस्था में बरामद किया गया। जया का सिर पूरी तरह जल चुका था। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तब शव के पास काफी मात्रा में खून भी था। आशंका जतायी जा रही है कि जया के साथ अज्ञात अपराधियों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया, उसके बाद पास में रखे आयरन के तार से उसका गला घोंटा।

जाते-जाते अपराधियों ने जया के चेहरे पर कपड़ा रख आग लगा दी। बाद में जया के मकान को अपराधियों ने बाहर से बंद कर दिया, ताकि इसकी भनक किसी को ना लगे। पूरे मामले में जया के पिता नागेश्वर महतो के बयान पर दुष्कर्म के प्रयास की आशंका और हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

बड़ी बहन के साथ रहती थी जया : जया के पिता नागेश्वर महतो ने बताया कि वह सीएमपीडीआइ में बड़काकाना में पोस्टेड हैं। उनकी चार बेटियों में जया सबसे छोटी थी। जया अपनी बहन के साथ बूटी बस्ती के अपर टोला स्थित घर में रहती थी। बीते शनिवार बड़ी बेटी और जया बड़काकाना आयी थीं। तबीयत खराब होने की वजह से बड़ी बेटी वहीं रह गयी, जबकि जया को लेकर नागेश्वर महतो आरटीसी इंजीनियरिंग कॉलेज आये। जया ने गुरुवार को यहां चौथे सेमेस्टर का रिजल्ट लिया, फिर बूटी बस्ती स्थित घर आ गयी थी। नागेश्वर महतो ने बताया कि गुरुवार की शाम 6:30 बजे आखिरी बार उनकी बात जया से हुई थी। तब जया ने मोबाइल रिचार्ज कराने को कहा था। इस घटना से इलाके में सनसनी है।

घर के अंदर जल रही थी जया की लाश पड़ोस की महिला ने सबको दी जानकारी
शुक्रवार की सुबह जया की बहन ने उसे फोन किया, लेकिन जया का फोन रिंग होने के बाद बंद हो गया। ऐसे में उसकी बहन ने पुराने किरायेदार अनिल कुमार सिंह की पत्नी राजकुमारी देवी को फोन किया। राजकुमारी देवी जया के घर की चहारदीवारी खोल अंदर आयीं, तो देखा कि मकान के बाहर का ग्रिल और दरवाजा बाहर से ही बंद है। दरवाजा खोल वह अंदर दाखिल हुईं, तो देखा कि नग्न स्थिति में जया के शरीर का ऊपर का हिस्सा जल रहा है। राजकुमारी देवी ने भागकर पूरी बात आस-पड़ोस के लोगों को बतायी। पड़ोसियों ने पानी से आग बुझायी। वहीं, इस मामले की जानकारी जया के परिजनों और सदर पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर रांची सिटी एसपी किशोर कौशल, सदर डीएसपी विकासंचद्र श्रीवास्तव, सदर थानेदार मधुसूदन सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की जानकारी एफएसएल को भी दी गयी।
बूटी बस्ती का माहौल गरमाया : जया की हत्या की सूचना मिलने के बाद आरटीसी कॉलेज के सैकड़ों छात्र बूटी बस्ती पहुंचे। छात्रों ने बूटी बस्ती के लोगों के खिलाफ नारेबाजी की। ऐसे में बूटी बस्ती की महिलाएं भी विरोध में खड़ी हो गयीं। काफी समझाने-बुझाने के बाद छात्र मौके से हटे। करीब तीन बजे छात्रा के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा।

पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही दुष्कर्म की पुष्टि हो पायेगी। पुलिस केस के खुलासे के लिए हर संभावित पहलुओं पर जांच कर रही। मोबाइल की सीडीआर और एफएसएल की मदद से पुलिस जांच कर रही है। – विकासचंद्र श्रीवास्तव, रांची पुलिस प्रवक्ता सह सदर डीएसपी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version