रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि आज के समय में भारत में निवेश के लिए झारखंड बेस्ट रेडी स्टेट है। झारखंड में उपलब्ध खनिज-संपदा, प्रशिक्षित मानव संसाधन, रॉ मटीरियल, शानदार औद्योगिक एवं व्यवसाय नीतियां और सहायक नेतृत्व इस राज्य को निवेश के लिए सर्वश्रेष्ठ बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज झारखंड में उद्योग और व्यवसाय बढ़कर अगले पायदान पर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री ने उक्त बातें गुरुवार को सिंगापुर में आयोजित झारखंड मोमेंटम रोड शो में वहां के निवेशक और उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहीं।
विकास को लेकर स्पष्ट विजन : सीएम ने कहा कि भारत में झारखंड ही ऐसा राज्य है, जिसकी नीतियां और विजन स्पष्ट हैं।

यहां आर्थिक लीडरशिप के लिए रोड मैप भी तैयार है। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार निवेशकों को सारी सहूलियतें दे रही है। राज्य में ईज आॅफ डूइंग बिजनेस बेहतर करने के लिए सुविधाएं बढ़ायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में कम, सुशासन में ज्यादा विश्वास रखते हैं। उनकी इसी सोच को ध्यान में रखते हुए झारखंड को विकसित राज्य बनाने का प्रयास शुरू हुआ है। मौके पर सीएम ने सिंगापुर के निवेशकों और उद्यमियों को फरवरी में रांची में होनेवाले मोमेंटम झारखंड ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट-2017 में आमंत्रित भी किया।
राज्य की मुख्य सचिव राजबला वर्मा ने कहा कि झारखंड में निवेश का माहौल बना है और मोमेंटम झारखंड का लोगो उड़ता हाथी ही हमारी ताकत दिखाता है। उन्होंने कहा कि श्रम सुधार को लेकर सरकार द्वारा कई कदम उठाये गये हैं, जिससे निवेश का मार्ग बेहतर हुआ है।
वर्णवाल ने दिया प्रेजेंटेशन : राज्य के उद्योग सचिव सुनील कुमार वर्णवाल ने झारखंड में निवेश
की संभावनाएं और विभिन्न सेक्टरों में उपलब्ध सुविधाओं पर प्रेजेंटेशन दिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version