रांची: सिखों के 10वें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह की 350वीं जयंती पर झारखंड में भी भव्य प्रकाशोत्सव का आयोजन होगा। जमशेदपुर में राज्यस्तरीय समारोह होगा। रांची के स्टेशन रोड का नाम गुरु गोविंद सिंह पथ होगा। प्रकाशोत्व के दौरान रांची, जमशेदपुर और धनबाद से पटना के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। ये घोषणाएं मंगलवार को सीएम रघुवर दास ने की। वह मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में प्रकाशोत्सव को ले राज्य गुरुद्वारों से आये प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
पाठ्यक्रम में शामिल होगी गुरु गोविंद सिंह की जीवनी : उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रतिनिधियों से राज्यस्तरीय कमेटी बनाकर अपने सुझाव सरकार को देने को कहा। जमशेदपुर में होनेवाले प्रकाशोत्सव की तिथि भी कमेटी द्वारा तय की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी से लेकर अब तक सिख समुदाय का योगदान अतुलनीय है। गुरु गोविंद सिंह जी ने देश के लिए काफी कम उम्र में बलिदान दिया। गुरु गोविंद सिंह जी की जीवनी को झारखंड के पाठ्यक्रम में शामिल किया जायेगा।
जमशेदपुर के पंजाबी रिफ्यूजी कॉलोनी का नामकरण गुरु गोविंद सिंह नगर
गुरु गोविंद सिंह की 350वीं जयंती को लेकर झारखंड मंत्रालय में राज्य भर के गुरुद्वारों से आये प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि जमशेदपुर स्थित पंजाबी रिफ्यूजी कॉलोनी का नामकरण भी गुरु गोविंद सिंह नगर होगा। इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जायेगा। मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने के सुझाव पर उन्होंने कहा कि इसके लिए रियायती दर पर भूमि देने से संबंधित नीति बनाने पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही अल्पसंख्यक आयोग का भी गठन किया जायेगा। इसमें सिख समुदाय के लोगों को उचित स्थान दिया जायेगा।
पंजाबी समाज ने देश के लिए बलिदान दिया है
सीएम ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी ने ऊंच-नीच, जात-पात एवं समाज में विभेद को समाप्त करते हुए मानवता का संदेश दिया। पंजाबी समाज ने देश के लिए बलिदान दिया है। वे समाज की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। उनके द्वारा संचालित विद्यालयों में अन्य समाज के बच्चे विशेषकर गरीब बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं।
बैठक में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव अमित खरे, पर्यटन सचिव राहुल शर्मा, राज्यभर के गुरुद्वारे से आये अध्यक्ष एवं सचिव के साथ सिख समुदाय के लोग उपस्थित थे।