रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित हिनू के साकेत नगर निवासी पति-पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। मंगलवार रात करीब 10 बजे मानस सिन्हा और पत्नी किरण देवी घर पर थे, जब दोनों अपराधी राहुल सिंह और रोहित सिंह हथियार लेकर घर में आये और मानस को गोलियों से भून डाला। जान बचाने और विरोध करने पर पत्नी किरण देवी को भी अपराधियों ने घर के बाहर आते ही गोली मार दी। दोनों पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर एसपी समेत हटिया एएसपी और तमाम पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हत्या के बाद कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी दोनों भाई राहुल और रोहित ने एसएसपी के सामने सरेंडर कर दिया।

दोनों भाइयों ने पुलिस को बताया कि मानस पूर्व का अपराधी था। वह धूमल सिंह का काफी करीबी था। कई वर्ष पहले मानस ने दोनों हत्यारों के पिता अरविंद सिंह की गोली मार कर हत्या की थी। उसके बाद से दोनों भाई पिता की हत्या का बदला लेने के लिए मानस को तलाश रहे थे। दोनों भाइयों ने मानस और किरण को 6-6 गोलियां मारी हैं। घटना के बाद दोनों भाई सीधे एसएसपी के सामने हथियार के साथ पहुंचे और सरेंडर कर दिया। घटना के बाद एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version