मुंबई: रिलायंस जियो के ग्राहक अब 31 मार्च तक कॉल व डेटा का बिना कोई शुल्क दिए इस्तेमाल कर सकेंगे। रिलायंस जियो के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने आज यह घोषणा की। कंपनी ने तीन महीने से भी कम समय में 5.2 करोड़ ग्राहकों का रिकार्ड बनाया है।
अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रौद्योगिकी कंपनी बन गई है। कंपनी ने पांच सितंबर को अपनी 4जी सेवाओं की औपचारिक शुरआत की थी। कंपनी ने कहा था कि 31 दिसंबर तक उसकी वायस यानी फोनकाल व डेटा सेवाएं बिलकुल मुफ्त होंगी। अंबानी ने इस अवधि को आज तीन महीने बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उसके मौजूदा व नये ग्राहक 31 मार्च तक रिलायंस जियो की वायस व डेटा सेवाओं का नि:शुल्क इस्तेमाल कर सकेंगे।