आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। सरकार के चार सालों की उपलब्धियों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि सरकार के दावे झूठ का पुलिंदा है। पूरी उपलब्धियां जुमलेबाजी पर आधारित हैं। देश में पहली बार हुआ है कि झूठ की नींव पर बैठी कोई सरकार ने झूठे आंकड़े पेश किया है। उक्त बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।
डॉ अजय ने कहा कि बात चाहे रोजगार की हो या बिजली, ओडीएफ, मॉब लिंचिंग, कृषि, आयुष्मान भारत योजना की, सभी की सभी जुमलेबाजी से ज्यादा कुछ नहीं है। डॉ अजय ने कहा कि सरकार के अधिकारी अनपढ़ की तरह आंकड़े पेश कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों को उन्होंने तत्काल ट्रांसफर करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार यह दावा करती है कि चार सालों में उन्होंने 35 लाख युवाओं को रोजगार दिया है। इस हिसाब से राज्य की 10 प्रतिशत आबादी आज रोजगार कर रही है। जबकि हकीकत यह है कि रघुवर सरकार के दौरान बेरोजगारी अपने चरम पर है। नोटबंदी के बाद तो कई नौकरियां खत्म हो चुकी हैं। महिला के खिलाफ अपराध रोके जाने पर रघुवर सरकार को घेरते हुए डॉ अजय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि पहले अपने भाजपा नेताओं से महिलाओं की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करें। सरकार के चार साल की यह बड़ी उपलब्धि होगी। प्रेस कांफ्रेंस में सुबोधकांत सहाय, केएन त्रिपाठी, ददई दुबे और अन्य मौजूद थे।