आजाद सिपाही संवाददाता
धनबाद। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि भाजपा को यदि धूल चटानी है, तो महागठबंधन उन प्रत्याशियों को मैदान में उतारे, जो चुनाव जीतने का माद्दा रखते हों। सोमवार को वह पार्टी कार्य से धनबाद स्थित सर्किट हाउस पहुंचे थे। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि 2019 नजदीक है। महागठबंधन की तैयारी चल रही है। सीटों को लेकर उनकी राय साफ है। जहां से जो उम्मीदवार जीत सकता है, जिताया जा सकता है, उसे चुनाव लड़ाया जाये। इस बार भाजपा को चलता करना है।
मरांडी ने कहा कि राज्य में पानी, बिजली, रेल और कॉलेज की चिंता सरकार को नही है। सभी केवल अपनी कमाई की जुगाड़ में हैं। राज्य सरकार के खजाने में कर्मचारियों और विकास कार्यों के लिए पैसा नहीं है। राज्य में ठंड से अब तक आठ लोगों की जान चली गयी, अब तक कंबल वितरण नहीं हो पाया है। राज्य बनने के बाद पहली बार इतनी कमजोर सरकार बनी है। मरांडी ने रघुवर दास की जनचौपाल पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जमीन पर कुछ नहीं और मुख्यमंत्री चौपाल लगा रहे हैं। कहा कि रघुवर दास गांव में जाकर खटिया बिछा कर सोयें या सोफा लगा कर चौपाल लगायें, इससे हासिल कुछ नहीं होने वाला, जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। कोलेबिरा के परिणाम ने अब यहां राज्य सरकार की उल्टी गिनती शुरू कर दी है।
भाजपा के विधायक और सांसद भी दो नंबरी
धनबाद परिसदन में झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने भाजपा सरकार के साथ भाजपा के सांसद और विधायक पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि 2014 में जनता के बीच जो वादा किया, उसे न करके भाजपा और सत्ता में बैठे लोगों ने अपना काम निकाला। सारे दो नंबर के काम किये। धनबाद इसका उदाहरण है। कोयला तस्करी सरकार और उनके लोगों के संरक्षण में हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक और सांसद भी दो नंबरी काम में संलिप्त हैं। इसका प्रमाण है कि धनसार साइडिंग से बीते जनवरी माह से ही कोयला उठाव नहीं हो रहा है।
राम राज नहीं अंधेर राज
झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार में राम राज नहीं, अंधेर राज देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जमीन पर कहीं विकास के काम नहीं दिखायी पड़ रहे। सिर्फ ढिंढोरा पीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब से यह सरकार आयी है, केवल लोगों को उजाड़ने में लगी है। इस सरकार में एक भी अच्छा काम नहीं हुआ।