रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। रांची का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं कांके का तापमान तीन डिग्री तक आ गया। सोमवार को रांची और कांके के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। यह बढ़ोतरी इसलिए हुई, क्योंकि आसमान में बादल छाए हुए हैं। ठंड का असर थोड़ा कम हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्से में बारिश होने के आसार हैं। इसमें झारखंड के पश्चिम और उत्तर पश्चिम हिस्से में बारिश हो सकती है। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के एक दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं।
मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान में बताया है कि न्यूनतम तापमान 10 और 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 12 दिसंबर से सुबह में कुहासा छा सकता है। हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। इसके बाद 13 और 14 दिसंबर को भी आसमान में बादल रह सकते हैं। इन दो दिनों में न्यूनतम तापमान 10 और 11 डिग्री के बीच रहेगा। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री और न्यूनतम 8.0 डिग्री, जमशेदपुर का अधिकतम 27.6 और न्यूनतम 8.0, डालटनगंज का अधिकतम 28.0 डिग्री और न्यूनतम 9.6 डिग्री। वही कांके का अधिकतम 23.9 और न्यूनतम 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। रांची के 49 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा ठंड 1996 के दिसंबर महीने में पड़ी थी।
रविवार को रांची में तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया : इस सीजन का अबतक सबसे ठंडा दिन नौ दिसंबर को रहा। रविवार को रांची में तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि पिछले चार साल के मौसम केंद्र के आंकड़े के मुताबिक, दिसंबर में सबसे ज्यादा ठंड 20 से 31 दिसंबर के बीच पड़ती है। इस दौरान तापमान 4 डिग्री तक चला जाता है। ऐसे में इस वर्ष दिसंबर की शुरुआत में ही जोरदार ठंड पड़नी शुरू हो गयी है।