रांची। नये साल की मस्ती राजधानीवासियों पर छा गयी है। सभी ने इसके लिए अपनी प्लानिंग बना ली है। वहीं फॉल एवं डैम के किनारे लोगों की भीड़ भी जुट रही है। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं पर पर्यटकों की छोटी सी असावधानी बड़ी दुर्घटना बन सकती है। जिला प्रशासन ने इसके लिए निर्देश जारी किये हैं।
हुंडरू फॉल: रांची से अनगड़ा-गेतलसूद होते हुए 41 किमी दूर है। सभी ओर से आने की सड़क अच्छी है। साफ-सफाई के मामले में तो हुंडरू फॉल पूरे झारखंड में अव्वल है। यहां 327 फीट की ऊंचाई से पानी गिरता है।
डेंजर जोन: साहेब चिपुवा दह, भंडार दह, मनतू मारा, योगिया दह स्पॉट डेंजर जोन। यहां पर पानी की गहराई 40-45 फीट है।
जोन्हा फॉल: रांची-मुरी मार्ग पर अनगड़ा-अमरूद बागान होते हुए 37 किमी की दूरी। यहां सुविधाएं बढ़ाकर फॉल की सुदंरता बढ़ायी गयी है। 144 फीट से पानी गिरता है।
गेतलसूद डैम: गेतलसूद डैम का इंटेक जंगल एवं स्पेलवे स्थित नवनिर्मित पुल पर्यटकों की पसंद बने हुए हैं। खतरनाक जोन नहीं होने के कारण परिवार सहित लोग रोज पिकनिक का आनंद लेने यहां पहुंच रहे हैं। अनगड़ा व सिकिदिरी पुलिस के द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। भुसूर जंगल सेल्फी प्वांइट बन गया है।
सीता फॉल : गौतमधारा से बाएं पांच किमी की दूरी पर है। यहां तक पहुंचने के लिए अच्छा रोड बना हुआ है। हालांकि इस फॉल को अभी विकसित किया जाना बचा है। यहां 170 फीट की ऊंचाई से पानी गिरता है।