रांची। बिहार के गया से जमशेदपुर जा रही यात्री बस रांची में हादसे का शिकार हो गयी। चौका थानाप्रभारी ने कहा कि घटना सोमवार सुबह चार बजे की है। चार बजे सुबह जब यात्री सो रहे थे कि अचानक यह घटना घटी। घटना ड्राइवर की लापरवाही से हुई।
चौका थाना क्षेत्र के उर्माल और नागा सेरेंग गांव के बीच बस पुल से नीचे गिर गयी। इससे एक यात्री की मौत हो गयी, जबकि 20 यात्री घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले चांडिल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर रेफर किया गया। घायलों में चार लोगों की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। मृतक हरिदेव चौधरी जमशेदपुर के कपाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और अपने परिवार के साथ सफर कर रहे थे। हादसे में वह बस के नीचे दब गये। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।
प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद हरिदेव चौधरी की लाश को बाहर निकाला। इसके लिए हाइड्रा की मदद लेनी पड़ी। इस दौरान प्रशासन का अमानवीय चेहरा भी सामने आया। लाश को हाइड्रा में टांग कर बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर मौजूद थानाप्रभारी से लेकर स्थानीय लोग इसका वीडियो और फोटो लेते नजर आये। चौका थानाप्रभारी ने कहा कि घटना तड़के 4 बजे की है। ड्राइवर की लापरवाही से हादसा पेश आया है। बस गया से टाटा जा रही थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।