रांची। फेथई चक्रवात का असर रांची सहित राज्य के कई जिलों में दिखा। पूरे राज्य में रविवार की देर शाम से जारी बारिश का सिलसिला मंगलवार की दोपहर थम गया। हल्की धूप भी खिली। हालांकि लगातार बारिश की वजह से ठिठुरन बढ़ गयी है। लोगों को मौसम में हुए अचानक इस परिवर्तन से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। 19 दिसंबर को मौसम साफ रहने के साथ ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम को देखते हुए राज्य के 5वीं तक के स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही छठवीं से ऊपर की कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से करने का आदेश जारी किया गया है। स्कूली शिक्षा सचिव अमरेंद्र प्रताप सिंह ने इस संबंध में सभी डीसी को पत्र लिखा है।
मौसम अच्छा होने तक स्कूल बंद रखने के निर्देश
मौसम सुधरने तक प्राइमरी की कक्षाएं बंद रहेंगी। मौसम अच्छा होने पर 11 से एक बजे इन्हें संचालित किया जायेगा। रांची डीसी ने जिले के सभी सरकारी और निजी प्राइमरी स्कूलों को मौसम अच्छा होने तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
यहां हुई लगातार बारिश
रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में अच्छी-खासी व लगातार बारिश हुई। रांची में दिन भर आसमान में बादल छाए हुए हैं। बारिश भी जारी है। सुबह धूप नहीं निकलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे ठिठुरन बढ़ गई है। चक्रवात का असर मंगलवार को समाप्त हो गया। दिन में धूप भी खिलेगी, लेकिन शाम होते ही कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार है।