धनबाद। पहले, दूसरे और तीसरे चरण का ट्रेंड झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में भी बरकरार रहा। बड़े शहरों धनबाद, बोकारो और झरिया में मतदाता वोटिंग को लेकर उदासीन रहे। एक ओर जहां शहरी क्षेत्रों को ठंड लगी रही, वहीं गांवों में जम कर वोट बरसे। चौथे चरण की 15 सीटों पर कुल 62.54 प्रतिशत वोटिंग हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी थीं। 15 में पांच सीटों पर तीन बजे तक और 10 पर शाम पांच बजे तक वोट पड़े। जहां शाम पांच बजे तक वोट पड़े, वे तमाम शहरी इलाके थे, जबकि उग्रवादग्रस्त इलाके के मतदाताओं की जागरूकता देखते ही बन रही थी। लोकतंत्र के महापर्व में ग्रामीणों ने अपनी भूमिका ईमानदारी से निभायी। वहीं तमाम प्रयासों के बावजूद शहरी वोटरों को बूथ तक लाने में एजेंसियों को सफलता नहीं मिल पायी।
चौथे चरण का मतदान संपन्न होने के साथ ही 221 प्रत्याशियों की किस्मत इवीएम में बंद हो गयी। सबसे अधिक मतदान चंदनकियारी में 74.50 फीसदी और सबसे कम बोकारो में मात्र 50.64 तथा झरिया में 51.96 फीसदी मतदान हुआ। कोयलांचल की 13 तथा संथाल की दो सीटों पर सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। यहां हर बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
चुनाव आयोग ने स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए तमाम तैयारियां की थीं। इस चरण के चुनाव में दो मंत्री, सात पूर्व मंत्री तथा 14 वर्तमान विधायकों के साथ 221 प्रत्याशियों का भाग्य तय हुआ। कुल प्रत्याशियों में 198 पुरुष तथा 22 महिलाएं हैं। पहली बार एक थर्ड जेंडर प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहा था। इस चरण में 6,101 मतदान केंद्रों में 4,203 संवेदनशील तथा अति संवेदनशील बूथ थे।
निरसा में पुलिस और आम लोगों के बीच झड़प, लाठीचार्ज में ग्रामीण घायल
चौथे चरण में निरसा में पुलिस और आम लोगों के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। मतदान के दौरान निरसा विधानसभा क्षेत्र के जोगी तोपा गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच भिड़ंत हो गयी। दरअसल उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जोगी टोपा के बूथ नंबर-14 और 15 में एक पुलिसकर्मी ने एक मतदाता को पीट डाला। इसके बाद ग्रामीण बूथ के बाहर जमा होकर हंगामा करने लगे। ग्रामीण आरोपी पुलिसवाले की माफी की मांग कर रहे थे। लोगों के उग्र विरोध के चलते बूथ पर थोड़ी देर के लिए मतदान बाधित हो गया। इसके बाद पुलिस को लोगों को हटाने के लिए बल का प्रयोग करना पड़ा।

कहां   कितना हुआ मतदान
क्षेत्र वर्ष 2014 वर्ष 2019
मधुपुर 71.00% 72.90%
देवघर 64.79% 63.40%
बगोदर 66.72% 62.82%
जमुआ 58.99% 59.09%
गांडेय 70.69% 69.17%
गिरिडीह 63.89% 60.64%
डुमरी 70.70% 68.89%
बोकारो 53.47% 50.64%
चंदनक्यारी 73.42% 74.50%
सिंदरी 70.30% 70.12%
निरसा 68.20% 67.53%
धनबाद 59.27% 52.69%
झरिया 57.74% 51.96%
टुंडी 69.56% 67.54%
बाघमारा 64.49% 62.01%
कुल 64.66% 62.54%

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version