सुनील कुमार
रांची। चुनावी नतीजे आने से पहले ही राजधानी में जश्न की तैयारी शुरू हो गयी है। रविवार को राजधानी में मिठाई के आॅर्डर से लेकर फूलों की बिक्री तक में जबरदस्त इजाफा दर्ज किया गया। चुनाव की मतगणना को लेकर भाजपा रांची महानगर ने तैयारी पूरी कर ली गयी है।
काउंटिंग एजेंट से लेकर विजय जुलूस, मिठाइयां, ढोल, ताशे, गाजे-बाजे के साथ महानगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सोमवार को मतगणना के पश्चात अपने सभी विजय उम्मीदवार को लेकर भव्य विजयोत्सव मनायेंगे। तैयारी को लेकर महानगर के पदाधिकारी महानगर अध्यक्ष मनोज मिश्रा के नेतृत्व में महानगर के कोषाध्यक्ष रमेश सिंह, महामंत्री राजू सिंह, अशोक मिश्रा, सोनू सिंह और अन्य कार्यकर्ता हलवाई के साथ स्वयं से घी का लड्डू बना रहे हैं। रांची के सम्मानित मतदाता, जिन्होंने अपना स्नेह प्यार और आशीर्वाद भाजपा के प्रत्याशी को दिया है, उन सम्मानित मतदाताओं का आभार प्रकट करने के लिए विजयोत्सव जुलूस निकाला जायेगा।
मिष्ठान भंडार चलाने वाले दुकानदार के मुताबिक राजधानी और आस-पास की अहम सीटों पर जीत की उम्मीद है, ऐसे में यहां लोगों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा झामुमो और कांग्रेस के सदस्यों ने भी बूंदी के लड्डुओं के आर्डर दिये हैं। एक्जिट पोल के अनुसार महागठबंधन को भी परिणाम उनके पक्ष में आने की उम्मीद है। इसके चलते महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने भी मिठाइयों के आॅर्डर बुक किये हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी मिठाइयां बनाने के लिए आर्डर दिये गये हैं।
फूलों की बिक्री दोगुनी हुई
राजधानी रांची में फूलों की बिक्री तकरीबन दोगुनी हो गयी है। फूल विक्रेताओं ने बताया कि इन दिनों रोजाना फूलों की बिक्री से यह तकरीबन दोगुनी हो गयी है। इस दौरान एडवांस में फूलों की बुकिंग हुई है। पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर स्थानीय लोगों तक ने अपने इलाके के विजेता प्रत्याशी के स्वागत के लिए फूलों के आॅर्डर दिये हैं।